फरीदाबाद में डबुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर इलाके में शनिवार दोपहर एक पुराने चार मंजिला मकान (वर्कशॉप) को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मकान की एक तरफ की दीवार अचानक भरभराकर नीचे गिर गई। इसके बाद 2 कमरों की छत भी टूट गई। जिससे काम कर रहे पांच मजदूर दब गए। इनमें दो की हालत गंभीर है, जबकि तीन को हल्की चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल मजदूरों का इलाज फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में चल रहा है। चौथी मंजिल दीवार तोड़ रहे थे मजदूर जानकारी के अनुसार, डबुआ गाजीपुर रोड पर नवोदय स्कूल के पास करीब 15 साल पुराने चार मंजिला मकान को दोबारा निर्माण कार्य के लिए तोड़ने का काम चल रहा था। इसके लिए सुबह लेबर चौक से छह मजदूरों को बुलाया गया था। दोपहर करीब तीन बजे पांच मजदूर चौथी मंजिल पर चढ़कर मकान की एक तरफ की दीवार तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार दूसरी ओर गिर गई और मजदूर भी दीवार के साथ नीचे गिर गए। इस हादसे में मुकेश महतो, मंटू कुमार और सुरेश मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से मुकेश और मंटू को गंभीर चोटें आईं। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पहले उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। अन्य तीन मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। दो कमरों की छत टूटकर नीचे गिरी पड़ोसी श्याम सुंदर ने बताया कि हादसे के दौरान उनके मकान को भी नुकसान पहुंचा है। दीवार गिरने से उनके घर के दो कमरों की छत टूटकर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि उस समय उन कमरों में कोई मौजूद नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बताया कि यह मकान उनके पड़ोसी पप्पू झा का है, जो काफी समय से बंद पड़ा था और हाल ही में इसे तुड़वाकर दोबारा बनाने का काम शुरू कराया गया था। यह मकान ग्राउंड, फर्स्ट, सेकेंड और थर्ड फ्लोर तक बना हुआ था। घायल मजदूर मुकेश महतो ने बताया कि वे सुबह लेबर चौक से अपने तीन साथियों के साथ काम के लिए गाजीपुर पहुंचे थे। दोपहर करीब तीन बजे दीवार अचानक गिर गई, जिससे वे मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि उनके हाथ में गंभीर चोट आई है और चेहरे पर भी जख्म हैं। थाना प्रभारी बोले- शिकायत नहीं मिली मुकेश ने आरोप लगाया कि काम के दौरान मकान मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे। उन्होंने बताया कि सभी मजदूर बिहार के रहने वाले हैं और गाजीपुर में किराए के मकानों में रहते हैं। वहीं इस मामले में डबुआ थाना प्रभारी संगम दहिया ने बताया कि फिलहाल थाने में इस संबंध में कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि अस्पताल से कोई सूचना मिलती है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद में 4 मंजिला मकान की दीवार गिरी:मलबे में दबे 5 मजदूर, 2 की हालत गंभीर; 2 कमरों की छत भी टूटी
