हिसार : पेयजल संकट से गुस्साए ग्रामीणों ने जड़ा जलघर को ताला, की नारेबाजी

Spread the love

हिसार, 14 नवंबर । क्षेत्र के गांव मिंगनीखेड़ा में पीने के पानी का

संकट गहरा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जलघर की सफाई और मरम्मत सालों से नहीं हुई

है, जिसके चलते सप्लाई होने वाला पानी दूषित हो गया है। गंदा पानी पीने से गांव में

पीलिया रोग तेज़ी से फैल रहा है, जिसने लोगों के स्वास्थ्य पर बड़ा खतरा पैदा कर दिया

है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने बार-बार प्रशासन और पानी सप्लाई विभाग से शिकायत

की, यहां तक कि सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई लेकिन

अधिकारियों ने गलत रिपोर्ट पेश कर मामले को दबा दिया जिससे स्थिति जस की तस बनी रही।

जिम्मेदार विभागों की लगातार अनदेखी से नाराज़, गांव के लोगों ने एक बड़ा कदम

उठाया और लायंस यूथ क्लब और ग्राम पंचायत मिंगनी खेड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीण

जलघर पर एकत्रित हुए और एकजुट होकर, ग्रामीणों ने जलघर पर ताला जड़ दिया और प्रशासन

के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। इस विरोध प्रदर्शन में गांव के सरपंच जंगबहादुर,

यूथ क्लब प्रधान विशाल बच्ची, सामाजिक कार्यकर्ता नवनीत कड़वासरा, ओमप्रकाश और अन्य

पंच तथा क्लब सदस्य मौजूद थे। ग्राम पंचायत और लायंस यूथ क्लब ने कड़ी चेतावनी दी है

कि यदि जल्द से जल्द पीने के पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो विरोध

प्रदर्शन को और भी बड़ा रूप दिया जाएगा।