पिंजौर में ग्रामीणों ने बद्दी बैरियर किया जाम:हिमाचल सरकार के टैक्स बढ़ाने पर जताया विरोध, एक घंटे तक यातायात रहा बाधित

Spread the love

पंचकूला जिले के पिंजौर दून क्षेत्र के ग्रामीणों ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा एंट्री टैक्स बढ़ाए जाने के विरोध में बद्दी-बरोटीवाला बैरियर पर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एक घंटे तक बैरियर जाम रखा, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। इस दौरान पूर्व चेयरमैन राजेश कोना, मढांवाला पंचायत के पूर्व सरपंच हरबंस लाल, बीडीसी मेंबर मनदीप और रविकांत सहित आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंच व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। नई दरें 1 अप्रैल से लागू होगी प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हिमाचल सरकार ने एंट्री टैक्स बढ़ा दिया है, जिसकी नई दरें 1 अप्रैल से लागू होगी। पहले उन्हें हिमाचल में प्रवेश के लिए 70 रुपए का शुल्क देना पड़ता था, जिसे अब बढ़ाकर 170 रुपए कर दिया गया है। यह वृद्धि हिमाचल के बद्दी-बरोटीवाला क्षेत्र की सीमा से सटे गांवों के निवासियों की जेब पर सीधा असर डालेगी। बद्दी-बरोटीवाला सीमा पर पिंजौर के मढांवाला, कोना, खोखरा, नवांनगर, खेड़ा वाली, करणपुर और प्रेमपुरा जैसे गांव स्थित हैं। इन गांवों के कई लोग निजी कामों और नौकरी के लिए प्रतिदिन कई बार हिमाचल के बद्दी-बरोटीवाला क्षेत्र में आते-जाते हैं। बढ़ी हुई दरों से उन्हें और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। किफायती दरों पर पास बनाने की मांग प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि हिमाचल के बरोटीवाला की सीमा से लगे करीब 7-8 गांवों के निवासियों के लिए आधार कार्ड देखकर किफायती दरों पर सालाना पास बनाए जाए। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और डीसी के समक्ष भी समस्या के समाधान की मांग की है। पुलिस ने बातचीत कर खुलवाया जाम स्थानीय थाना प्रभारी बच्चू सिंह बताया कि गांव के सरपंचों व गणमान्य व्यक्तियों से बातचीत के बाद जाम खुलवाया गया। इस दौरान बरोटीवाला के थाना प्रभारी और डीएसपी को भी बुलाया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान करवाया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी, कि आज उन्होंने शांतिपूर्वक सांकेतिक धरना दिया है। यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।