पलवल में गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग:VIDEO आया सामने; लोग बोले-एजेंसी पर सिलेंडर नहीं मिला, ‘गैस खत्म है’ कहकर भगा देते हैं

Spread the love

पलवल के कृष्णा कॉलोनी में घरेलू गैस सिलेंडरों की खुलेआम कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग का मामला सामने आया है। आबादी वाले क्षेत्र में एक सिलेंडर से दूसरे सिलेंडर में गैस ट्रांसफर की जा रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसका वीडियो भी सामने आया है। वायरल हो रहे एक वीडियो में एक गैस सप्लायर कृष्णा कॉलोनी की गली में अपने गैस सिलेंडरों से भरे टैंपो के अंदर ही एक सिलेंडर से दूसरे में गैस रिफिल करता दिख रहा है। टैंपो में दर्जनों भरे हुए सिलेंडर भी रखे हैं, जिससे किसी भी दुर्घटना की स्थिति में बड़ा नुकसान हो सकता है। यह कृत्य न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि घनी आबादी वाली कॉलोनी के निवासियों के जीवन से सीधा खिलवाड़ भी है। सूत्रों से मिले इस वीडियो ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कृष्णा कॉलोनी में यह अवैध धंधा लंबे समय से चल रहा है। आरोप है कि डिलीवरी के दौरान सिलेंडरों से गैस निकालकर उसे कालाबाजारी में बेचा जाता है। जब उपभोक्ता गैस एजेंसी से गैस लेने जाते हैं, तो उन्हें ‘गैस खत्म है’ कहकर टाल दिया जाता है।
एजेंसी पर सिलेंडर नहीं दिया जाता उपभोक्ता शुभम ने बताया कि जब वे एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे तो उनसे कहा गया कि कनेक्शन धारक को लेकर आएं। शुभम के अनुसार, उनके पिता के नाम कनेक्शन है और वे सिलेंडर लेने नहीं आ सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि एजेंसी पर सिलेंडर नहीं दिया जाता, जबकि घर पहुंचाए जाने वाले सिलेंडरों से गैस चोरी कर ली जाती है। उपभोक्ता अशोक का कहना है कि वे कई चक्कर काट चुके है, लेकिन वे लंबे समय से इधर से उधर के चक्कर काट रहा हूं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं स्थानीय निवासी गुलशन, सजंय वर्मा, कृष्ण कुमार, मोहित व विजय कुमार का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद भी क्या खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और जिला प्रशासन नींद से जागेगा या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी। डीएफएससी बोले- जांच की जा रही जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी (डीएफएससी) जैनव खातून से बात की तो उनका कहना था कि जिले में यदि कहीं भी इस प्रकार गैस सप्लायर कार्य कर रहे हैं, तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। वीडियो के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि इनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए उन्होंने विभाग के इंस्पेक्टर विकास को मौके पर जाकर जांच करने के लिए भेज दिया है।