कांकेर, 11 अगस्त । छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भगवान की मूर्तियों के साथ नशे में धुत असमाजिक तत्वों ने अभद्रता करते हुए मूर्तियों पर चढ़-चढ़कर वीडियो बनाकर हस रहे थे, जिसका वीडियो सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार कुछ युवक नथिया नवागांव स्थित श्रीराम वाटिका में मूर्तियों को थप्पड़ मारते और अभद्र तरीके से फोटो खिंचवाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होते ही हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई है। संगठनों ने कोंडागांव और कांकेर थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई है। हिंदू संगठनों ने इस घटना को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की तलाश जारी है।
वायरल वीडियो में दिख रहे नशे में धुत असमाजिक तत्वों की पहचान हो गई है। इनमें कोंडागांव जिले के आलोर के रहने वाले महेश कोर्राम, शिवलाल, लोचन, संजीव मरकाम और उसके साथी शामिल है। वीडियो में तीन से चार युवक अभद्र व्यवहार करते दिखे, जबकि उनके अन्य साथी कैमरे के पीछे से वीडियो बनाते हुए हंस रहे हैं। हिंदू संगठनों ने इन युवकों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़ी कार्रवाई आवश्यक है। क्षेत्र में पहले से ही धार्मिक तनाव की स्थिति बनी हुई है। जामगांव में शव दफनाने को लेकर हुए विवाद के बाद से माहौल तनावपूर्ण है। मसीही समुदाय ने कार्रवाई के लिए 20 दिन का समय दिया है। दूसरी ओर, भानुप्रतापपुर इलाके के अलग-अलग गांवों में पादरियों और पास्टरों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
कांकेर एएसपी दिनेश सिन्हा ने सोमवार को बताया कि आरोपित युवक कोंडागांव जिले के फरसगांव के पास अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। उन्हें हिरासत में लेने के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। पकड़े जाने के बाद आरोपितों से पूछताछ की जाएगी और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
