रतिया में होमगार्ड जवान की पिटाई, VIDEO:बाइक जब्त की थी, युवकों ने परिजनों को बुलाया, कालर पकड़ा, वर्दी फाड़ी

Spread the love

फतेहाबाद जिले के रतिया में ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बाइक जब्त करने पर बाइक सवार के परिजनों ने जवान की वर्दी फाड़ दी और उसके साथ गाली-गलौज की। घटना के बाद होमगार्ड जवान को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती होमगार्ड जवान सोमनाथ ने बताया कि, वह पुलिस टीम के साथ रतिया के सरदूलगढ़ रोड पर एक नाके पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक चालक को रोका गया, जिसके पास लाइसेंस और बाइक के दस्तावेज नहीं थे। पुलिस ने बाइक जब्त कर उसे थाने ले जाने को कहा। युवकों ने परिजनों को बुलाकर की मारपीट
जवान के अनुसार, जब वह बाइक लेकर थाने जा रहा था, तो बाइक सवार युवकों ने अपने परिजनों को बुला लिया। परिजनों ने बीच रास्ते उसे रोककर मारपीट शुरू कर दी। एक महिला ने होमगार्ड का कॉलर पकड़ा, गाली-गलौज की और उसे धक्का दिया। इसी दौरान, मौके से गुजर रही शहर थाना प्रभारी ने हंगामा देखा और अपनी गाड़ी रोककर होमगार्ड जवान को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को किया अरेस्ट घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक महिला सहित कुछ लोग होमगार्ड जवान के साथ मारपीट और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले क़ी जानकारी देते हुए शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया और घटना में शामिल महिला सहित 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक व्यक्ति की तलाश की जा रही है।