उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने प्रदेश के 34 उत्कृष्ट व्यक्तित्वों को किया राज्य अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित

Spread the love

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2025 के लिए राज्य अलंकरण पुरस्कारों की घोषणा संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में की। इस साल कुल 34 श्रेणियों में व्यक्तियों एवं संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया ।

राज्य सरकार ने इस साल भी समाज सेवा, संस्कृति, साहित्य, कला, खेल, सहकारिता, पर्यावरण संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इन हस्तियों के योगदान से ‘नवा छत्तीसगढ़’ का सपना और अधिक साकार हुआ है।

विकासखंड पलारी के ग्राम मुसुवाडीह निवासी कृषक वामन टिकरिहा को खेती में नवाचार, जैविक विधियों के प्रयोग और बहुआयामी कृषि मॉडल को अपनाने के लिए राज्य सरकार ने डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। पुरस्कार के तहत उन्हें 2 लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। समारोह में ग्राम छड़िया (विकासखंड पलारी) निवासी शशि गायकवाड़ को अनुसूचित जाति समाज के उत्थान, शिक्षा प्रसार और सामाजिक चेतना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिएगुरु घासीदास सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया।उन्हें भी 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।सामान्य प्रशासन विभाग के तहत पं. रविशंकर शुक्ल सम्मान रायपुर के राजेश अग्रवाल को प्रदान किया गया । वहीं, अहिंसा और गौरक्षा के क्षेत्र में यति यतनलाल सम्मान जांजगीर-चांपा की भारतीय कुष्ठ निवारक संघ को दिया गया । सामाजिक समरसता के लिए महाराजा अग्रसेन सम्मान बिलासपुर के राजेन्द्र अग्रवाल “राजू” को मिला ।अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए गृह (पुलिस) विभाग द्वारा पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान कांकेर के योगेश कुमार साहू को , विधि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान तीन विशिष्ट विधि-विशेषज्ञों— खेमचंद जैन (राजनांदगांव), डॉ. सुरेश मणि त्रिपाठी (रायपुर), और डॉ. भूपेन्द्र करवन्दे (रायपुर)—को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया है ।

जनसंपर्क विभाग द्वारा घोषित चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार इस वर्ष दो श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे। प्रिंट मीडिया (हिंदी) श्रेणी में वरिष्ठ पत्रकार डा. संदीप कुमार तिवारी (जिला-रायपुर) को उनके गहन विश्लेषणात्मक लेखन, सामाजिक मुद्दों पर साहसिक रिपोर्टिंग और हिंदी पत्रकारिता में दीर्घकालिक योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिंदी) श्रेणी में अभिषेक शुक्ला (जिला-रायपुर) – डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हिंदी समाचार प्रस्तुति, वीडियो जर्नलिज्म और युवा दर्शकों से जुड़ाव के लिए पुरुस्कृत किये गए।सहकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार धमतरी की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, डोमा,आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा तथा शोध एवं अनुसंधान के लिए धन्वन्तरि सम्मान डॉ. अजय कृष्ण कुलश्रेष्ठ को तथा मछली पालन में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्रीमती बिलासादेवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार रायपुर के सुखदेव दास को प्रदान किया गया है ।उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत संस्कृत सम्मान रायपुर के डॉ. दादू भाई त्रिपाठी को दिया गया है ।

राज्योत्सव 2025 के दौरान प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरागत कला का भी मनमोहक प्रदर्शन किया गया। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए कलाकारों ने लोकगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।समारोह में उपराष्ट्रपति के साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कैबिनेट सदस्य, जनप्रतिनिधि और हजारों नागरिक मौजूद रहे।