भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के शनिवार को रतलाम आगमन के दौरान एक के बाद एक घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहले उनके काफिले में शामिल गाड़ियां आपस में टकरा गईं। बाद में शहर में स्वागत के दौरान मंच पर आग लग गई। दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई। स्वागत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने तलवार लहराई। उनके ऊपर जेसीबी से फूल बरसाए गए। क्रेन से माला पहनाई गई। उनके स्वागत में कालीन भी बिछाई गई थी। दरअसल, श्याम टेलर का काफिला जब जिले में प्रवेश कर रहा था, तभी सरवड़-जमुनिया के पास अचानक ब्रेक लगने और पर्याप्त दूरी नहीं होने से काफिले की कई गाड़ियां भिड़ गईं। कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित रहा। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड कर काफिले को आगे रवाना किया गया। देखिए तस्वीरें स्वागत के दौरान अव्यवस्था, दो जगह लगी आग
इधर, शहर में स्वागत के दौरान भी अव्यवस्था देखने को मिली। दो बत्ती फ्रीगंज चौराहे पर बनाए गए मंच पर अचानक आग लग गई। इसके बाद सैलाना बस स्टैंड पर आतिशबाजी के दौरान महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर सजावट के लिए लगाए गए आर्टिफिशियल फूलों में भी आग लग गई। कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए दोनों जगह आग बुझा दिया। कई मार्गों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा
इस भव्य स्वागत के चलते कई मार्गों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। मित्र निवास रोड तिराहे पर सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, औद्योगिक थाना टीआई सत्येंद्र रघुवंशी और डीडी नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव को पुलिस बल के साथ ट्रैफिक व्यवस्था संभालना पड़ी। कांग्रेस नेता बोले- सत्ता के नशे में चूर हैं भाजपा नेता
घटना के बाद रतलाम ग्रामीण कांग्रेस नेता किशन सिंघाड़ ने भाजयुमो नेताओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सत्ता के नशे में काफिले की गाड़ियां तेज रफ्तार से चलाई जा रही थीं, जिससे सड़क पर आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। उन्होंने फोरलेन पर नियमों के पालन को लेकर सवाल उठाए। पुलिस को फिलहाल किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। टेलर का कार्यकर्ताओं को संदेश, दिखावे से दूर रहें
वहीं, स्वागत कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में श्याम टेलर ने कहा कि भाजपा शक्ति प्रदर्शन की राजनीति नहीं करती। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के काम को देखकर उन्हें जिम्मेदारी देती है। मंचों और रास्ता बंद होने से आमजन को हुई परेशानी के लिए उन्होंने माफी भी मांगी और कार्यकर्ताओं को दिखावे से दूर रहने का संदेश दिया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहला रतलाम दौरा
श्याम टेलर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला रतलाम दौरा है। उन्होंने संकेत दिए कि रतलाम की नई भाजयुमो कार्यकारिणी जल्द घोषित की जाएगी और पद उन्हीं कार्यकर्ताओं को मिलेगा, जो जमीन पर सक्रिय रहकर संगठन के लिए काम करेंगे। बताया जा रहा है कि वर्तमान जिलाध्यक्ष विप्लव जैन का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। ऐसे में नए जिलाध्यक्ष की घोषणा से पहले प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कार्यकर्ताओं ने जोरदार तैयारी की थी, जो कई घटनाओं के कारण चर्चा का विषय बन गई। 2 दिन पहले रैली और धरना पर लगी थी रोक
दो दिन पहले जिला प्रशासन ने रतलाम शहर में धारा 163 लागू की थी। इसके तहत बिना अनुमति रैली, जुलूस और किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया गया था। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारु रखने के उद्देश्य से रतलाम शहर एसडीएम आर्ची हरित ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए थे। यह आदेश 24 दिसंबर से दो माह तक प्रभावशील किया गया था। इसके बावजूद भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष के दौरे के दौरान इन आदेशों का पालन नहीं हुआ। दोपहर 4 से रात 8 बजे तक काफिले और स्वागत कार्यक्रमों के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई प्रमुख चौराहों पर मंच लगाए जाने से रास्ते बंद रहे।
भाजयुमो अध्यक्ष के काफिले की गाड़ियां टकराईं…स्वागत मंच पर आग:जेसीबी से फूल बरसाए, क्रेन से माला पहनाई, कार्यकर्ताओं को संदेश- दिखावे से दूर रहें
