रोहतक एमडीयू के रजिस्ट्रार को वीसी ने किया सस्पेंड:लेटर सोशल मीडिया पर वायरल, ईसी की बैठक में जाने से किया था इनकार

Spread the love

रोहतक की महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी में वाइस चांसलर प्रोफेसर राजबीर सिंह व रजिस्ट्रार डॉ. कृष्णकांत के बीच की तकरार खुलकर सामने आ गई है। हायर एजुकेशन विभाग के एसीएस की तरफ से जारी लेटर के बाद रजिस्ट्रार ने ईसी की बैठक में सभी ब्रांच अधिकारियों को न जाने बारे निर्देश दिए थे। इसके लिए VC प्रो. राजबीर सिंह ने रजिस्ट्रार को ही सस्पेंड करने का लेटर जारी कर दिया। हायर एजुकेशन विभाग के एसीएस की तरफ से 17 फरवरी को एक लेटर जारी हुआ, जिसमें 14 जनवरी को हुई कार्यकारी परिषद की 302वीं बैठक को पुनर्निर्धारित करने की सलाह दी गई थी, बावजूद इसके वीसी ने बैठक की। इस पर सरकार ने संज्ञान लेते हुए सक्षम अधिकारी को पत्र के माध्यम से निर्देश दिया कि सरकार की पूर्व अनुमति के बिना इस मामले में कोई नियुक्ति आदेश जारी न करें। एसीएस ने निर्देश दिए कि किसी नए व्यक्ति को शामिल न होने दें, जब तक कि सरकार द्वारा इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया जाता। स्पष्ट निर्देशों के बावजूद, VC की तरफ से नियुक्ति पत्र जारी कर दिए, जो सरकार के निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। हायर एजुकेशन विभाग की तरफ से 302वीं बैठक में लिए निर्णय को कोई सहमति नहीं दी, क्योंकि बैठक सरकार के निर्देशों का उल्लंघन करते हुए की गई। ईसी की 304वीं बैठक को स्थगित करने के आदेश
हायर एजुकेशन विभाग के एसीएस की तरफ लेटर जारी करते हुए कार्यकारी परिषद की 18 फरवरी को होने वाली 304वीं बैठक रद्द करने के निर्देश दिए। क्योंकि बैठक में 14 जनवरी को हुई 302वीं बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि करने का प्रस्ताव कर रहे हैं, जो सरकार के निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस संबंध में सरकार द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है, इसलिए उक्त बैठक अगले आदेश तक स्थगित करें। वीसी ने रजिस्ट्रार व सीनियर प्रोफेसर को सस्पेंड किया
VC प्रो. राजबीर सिंह की तरफ से एक लेटर जारी किया गया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस लेटर में कार्यकारी परिषद की बैठक को गैरकानूनी बताने वाले रजिस्ट्रार डॉ. कृष्ण कांत गुप्ता व कंप्यूटर विज्ञान एवं अनुप्रयोग विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. नसीब सिंह गिल को सस्पेंड करने के निर्देश दिए है। हालांकि अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।