फतेहाबाद जिले के भूना शहर क्रिसमस डे पर कार्यक्रम करने को लेकर हंगामा हो गया। क्रिस्चियन लोग क्रिसमस डे मना रहे थे। मगर कुछ लोगों ने मौके पर जाकर विरोध कर दिया। विरोध करने वालों को बजरंग दल का सदस्य बताया गया। इसके बाद काफी हंगामा हुआ। बाद में एसएचओ ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे। हंगामे के चलते कार्यक्रम बंद करवा दिया गया। जानकारी के अनुसार, भूना के वार्ड नंबर पांच स्थित बड़ा मोहल्ला में मास्टर चिमनलाल के घर पर क्रिसमस डे कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फतेहाबाद के साथ-साथ आसपास के जिलों के गांवों से भी क्रिस्चियन समुदाय से जुड़े लोग आए हुए थे, इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। भनक लगते ही पहुंचे लोग इसकी भनक लगते ही लोग।मौके पर पहुंच कर कार्यक्रम का विरोध करने लगे। हालांकि, कार्यक्रम के आयोजकों ने उनसे कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपना प्रोग्राम कर रहे हैं। इससे किसी को कोई परेशानी नहीं हो रही है। मगर बजरंग दल के सदस्य धर्म परिवर्तन की बात कहकर विरोध जताते रहे। इसी बीच सूचना मिलते ही भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश पुलिसकर्मियों को साथ लेकर पहुंच गए। उन्होंने विरोध के दौरान किसी भी तरह की तनावपूर्ण स्थिति न हो, इसलिए एकत्रित हुए लोगों को वहां से जाने के लिए कह दिया। एक-एक करके लोगों को वहां से भेज दिया गया। बेवजह तूल देकर विरोध कर रहे- आयोजक कार्यक्रम के आयोजक चिमनलाल का कहना है कि प्रभु यीशु के साथ-साथ मेरा खुद का भी जन्मदिन है। सभी खुशी के साथ कार्यक्रम कर रहे थे। मगर बेवजह मामले को तूल देकर विरोध कर कार्यक्रम को बिगाड़ दिया गया, यह ठीक नहीं है। वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि हमारा देश धर्म निरपेक्ष है। यहां सबको अपने धर्म के रीति-रिवाज और त्योहार मनाने का अधिकार है। सबकी अपनी आस्था है। इस तरह कार्यक्रम खराब नहीं करना चाहिए। बजरंग दल के संयोजक बोले-हमने नहीं किया विरोध वहीं, बजरंग दल के प्रखंड संयोजक अनिल नेहरा ने बताया कि मैं तो बाहर था। हमारे बजरंग दल के सदस्यों ने विरोध नहीं किया। कहने वाले तो कुछ भी कह सकते हैं। हमारा इसमें कोई रोल नहीं है। भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने भी कहा कि विरोध करने वाले लोकल लोग ही थे। बजरंग दल के सदस्य नहीं थे।
फतेहाबाद में क्रिसमस डे मनाने पर हंगामा:धर्म परिवर्तन बताकर जताया गया विरोध; पुलिस ने लोगों को वापस भेजा
