फतेहाबाद में कोर्ट परिसर के गेट पर हंगामा:डीएसपी के रीडर-गार्ड में विवाद, वकील से कहासुनी होने पर वर्क सस्पेंड

Spread the love

फतेहाबाद जिला कोर्ट परिसर की पार्किंग में सोमवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब डीएसपी के रीडर और सिक्योरिटी गार्ड के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर मौजूद एक वकील से भी पुलिसकर्मी की बहस हो गई। घटना से नाराज वकीलों ने तत्काल वर्क सस्पेंड कर दिया और कोर्ट परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। दरअसल, पार्किंग को लेकर डीएसपी के रीडर और सिक्योरिटी गार्ड के बीच पहले कोई बातचीत हुई। इसके बाद बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान नरेश सोनी वहां आए। उन्होंने कारण पूछा तो पुलिसकर्मी के साथ उनकी बहस हो गई। वकीलों का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। काम ठप करके गेट पर पहुंचे वकील सूचना मिलते ही वकील मौके पर एकत्र हो गए और कामकाज ठप कर दिया। वकीलों ने पुलिसकर्मी के व्यवहार को न्यायपालिका की गरिमा के खिलाफ बताया और दोषी पुलिसकर्मी पर सख्त कार्रवाई की मांग की। बार एसोसिएशन के पूर्व प्रधान नरेश सोनी व विनय शर्मा ने कहा कि कोर्ट परिसर में इस तरह का व्यवहार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक संबंधित पुलिसकर्मी पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ट्रैफिक नियमों का भी उल्लंघन विनय शर्मा ने कहा कि इस गाड़ी के पिछली तरफ तो हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगी हुई है, जबकि अगली तरफ प्राइवेट नंबर प्लेट है। अन्य भी कई अनियमितताएं हैं, जो ट्रैफिक नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। इस गाड़ी का चालान भी किया जाना चाहिए। बार काउंसिल के चेयरमैन भी पहुंचे बार काउंसिल के चुनावों के संबंध में फतेहाबाद आए हरियाणा-पंजाब बार काउंसिल के चेयरमैन राकेश गुप्ता भी वकीलों के बीच पहुंचे। वकीलों ने उनके सामने भी इस मुद्दे को उठाया। चेयरमैन ने कहा कि वह वकीलों के साथ हैं, मामले में जरूरत पड़ी, तो डीजीपी से भी बात की जाएगी। मैंने कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया- पुलिसकर्मी इस संबंध में डीएसपी के रीडर मुकेश कुमार ने कहा कि उसने कोई अभद्र व्यवहार नहीं किया। न ही उसका किसी से कोई विवाद हुआ। सिक्योरिटी गार्ड ने कहा कि वकीलों की पार्किंग में खड़ी नहीं करना। मैंने वकीलों की पार्किंग के सामने वाली जगह गाड़ी खड़ी कर दी।