यूपी के कोयला व्यापारी के बेटे-बहू दुबई में फंसे:प्री-वेडिंग फोटोशूट कराने गए थे, 2 मार्च को लौटना था

Spread the love

यूपी के चंदौली के कोयला-होटल व्यवसायी का बेटा और बहू समेत परिवार के 5 लोग दुबई में फंस गए हैं। सभी प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए दुबई गए थे। मिडल ईस्ट में हो रही बमबारी के बीच फ्लाइट रद्द होने से सभी वहां फंसे हैं। सभी बुर्ज खलीफा के पास होटल में ठहरे हैं। परिवार ने पीएम मोदी से सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। दोनों की अप्रैल में शादी है और घर में तैयारियां चल रही हैं। कार्ड छप चुके हैं और रिश्तेदारों को निमंत्रण भेजे जा रहे हैं। पिता बोले- बेटे को कल ही वापस लौटना था
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में कोयला व्यापारी अजय जैन रहते हैं। वह बताते हैं- मेरे बड़े बेटे प्रिंस जैन (27) की अप्रैल में शादी होने वाली है। प्री-वेडिंग शूट के लिए वह अपनी मंगेतर पायल जैन (26) के साथ दुबई गए हैं। प्रिंस के साथ छोटा बेटा अरिहंत (19), पायल का भाई मोनू जैन (30) और उनकी पत्नी मुस्कान (28) भी हैं। सभी 25 फरवरी को वाराणसी से दिल्ली के लिए निकले और 27 फरवरी को दुबई पहुंचे। फोटोशूट के बाद 2 मार्च को सभी की वापसी थी। अजय जैन ने कहा- वे लोग बुर्ज खलीफा के पास एक होटल में ठहरे हैं। हालांकि, ईरान से जुड़े संघर्ष और क्षेत्र में बढ़ते तनाव से उड़ान सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं। इसके चलते वे लोग योजना के अनुसार इंडिया नहीं लौट सके। फंसे हुए परिवार के सदस्यों ने दुबई में इंडियन एंबेसी से भी संपर्क किया है। उन्हें संबंधित एयरलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है। लेकिन उनकी वापसी पर उन्हें स्पष्टता नहीं मिली है। कारोबारी ने पीएम मोदी से की सुरक्षित वापसी की अपील
अजय कहते हैं- मैं मोदी सरकार से गुजारिश करना चाहता हूं कि वहां पर जितने भारतीय और मेरे बच्चे फंसे हैं, उन्हें आसानी से बाहर निकाल लें। सभी लोग बुर्ज खलीफा के बगल जुबेर होटल में रुके हैं। वहां पर अब तक 600 मिसाइलें दागी गई हैं। सरकार से सहयोग के बात पर अजय बताते हैं कि डीएम ऑफिस से फोन आया था। उन्होंने एड्रेस नोट कर लिया है। वीडियो कॉल से हालचाल मिल रहा, चिंता बरकरार
अजय जैन ने बताया- भारत में परिवार के लोग लगातार वीडियो कॉल के जरिए बेटे-बहू के संपर्क में हैं। घर में शादी की तैयारियों के बीच सभी की चिंता केवल यही है कि बच्चे सुरक्षित घर लौट आएं। हमारा बेटा प्री-वेडिंग शूट के लिए गया था। उसे वापस आ जाना था, लेकिन अब वह वहां फंसा हुआ है। हम सरकार से अपील करते हैं कि हमारे बच्चों के साथ-साथ जो भी भारतीय वहां फंसे हैं, उन्हें सुरक्षित वापस लाया जाए। दुबई युवाओं की पसंदीदा जगह
दुबई भारतीय युवाओं की पसंदीदा जगह है। ऊंची इमारतें, समुद्र किनारे के दृश्य और आधुनिक लोकेशन मिलती है। इसीलिए प्रिंस के प्री वेडिंग शूट की योजना कई महीने पहले बनाई गई थीष फोटोग्राफर और लोकेशन तय थे। लेकिन अचानक क्षेत्रीय तनाव और ईरान की ओर से हुई बमबारी ने सभी योजनाओं पर पानी फेर दिया। हालांकि, दुबई सीधे युद्ध क्षेत्र में नहीं है। लेकिन, अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण उड़ानों पर असर पड़ा है। एयरलाइंस ने कुछ रूट बदल दिए हैं और यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था का इंतजार करना पड़ रहा है। इसी वजह से परिवार फिलहाल होटल में ही रुकने को मजबूर है। ———————– ये खबर भी पढ़ें… 12वीं की छात्रा से रेप, FIR कराई तो हत्या की, बस्ती में आधी रात घर में घुसा आरोपी, सोते वक्त 2 गोली मारी यूपी के बस्ती में सिरफिरे ने 12वीं की छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। सिरफिरे ने कुछ महीने पहले बहला-फुसलाकर छात्रा से संबंध बनाए थे। अश्लील फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। परिजनों ने उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत रेप की FIR कराई थी। तब से वो फरार चल रहा था। पढ़ें पूरी खबर…