कुरुक्षेत्र में एक्सीडेंट में यूपी के ऑटो ड्राइवर की मौत:टाटा ऐस ने मारी टक्कर, केबिन में फंसा, 4 बच्चो का पिता

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में पीपली रोड पर ऑटो और टाटा ऐस (छोटा हाथी) की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस एक्सीडेंट में ऑटो चला रहे व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि टाटा ऐस के ड्राइवर समेत 2 लोग जख्मी हो गए। टक्कर के बाद ऑटो का ड्राइवर केबिन के बीच में फंस गया, जिसे मुश्किल से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान राजेश कुमार (43) हाल निवासी कैलाश नगर के रूप में हुई। राजेश कुमार मूल रूप से धौरा जिला उन्नाव, यूपी का रहने वाला है और काफी टाइम से कुरुक्षेत्र में रह रहा था। राजेश सब्जी बेचने का काम करता था, जो ऑटो में सब्जी लेकर गांव-गांव जाता था। राजेश कुमार 4 बच्चों का पिता था। सोंटी गांव के पास हुआ हादसा कुरुक्षेत्र में सेक्टर-7 के राम प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह शाम को अपना काम निपटाकर लाडवा से अपनी बाइक पर कुरुक्षेत्र लौट रहा था। लाडवा-पीपली रोड पर सोंटी गांव के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास पहुंचा, तभी पीपली की ओर से आए टाटा ऐस ने गलत साइड में आकर उसके आगे चल रहे ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। टाटा ऐस में घुसा ऑटो टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो का अलगा हिस्सा टाटा ऐस के आगे घुस गया और दोनों ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर दोनों ड्राइवर समेत 3 लोगों को सरकारी अस्पताल लाडवा पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने राजेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का चल रहा इलाज एक्सीडेंट में टाटा ऐस का ड्राइवर राजपाल निवासी वार्ड-5 इंद्री जिला करनाल और उसका साथी विशाल को LNJP अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने लाडवा थाने में राजपाल के खिलाफ FIR दर्ज कर शव को मॉर्चरी में रखवा दिया। पुलिस आज राजेश के शव का पोस्टमॉर्टम करवाएगी।