नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर यूपी में दरोगा भर्ती परीक्षा में अवसरवादी का ऑप्शन ‘पंडित’ देने के सवाल पर विवाद और सीएम योगी के निर्देश से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर सुप्रीम कोर्ट द्वारा इच्छामृत्यु की इजाजत मिलने के बाद गाजियाबाद के हरीश राणा को एम्स शिफ्ट किए जाने को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- दरोगा भर्ती परीक्षा में अवसरवादी का ऑप्शन ‘पंडित’ देने पर विवाद, सीएम योगी भड़के यूपी दरोगा भर्ती में अवसरवादी का ऑप्शन ‘पंडित’ देने के सवाल पर सीएम योगी ने आदेश दिया कि जाति पर अमर्यादित कमेंट न करें। भर्ती बोर्ड ने कहा- कलावा-मंगलसूत्र नहीं उतरवाया जाएगा। ब्राह्मण विधायकों ने नाराजगी जताई। इधर, दूसरे दिन परीक्षा देने दिल्ली से पुलिस गाड़ी से कैदी लखनऊ आया। केंद्रों पर महिला सिपाही बच्चों को गोद में लेकर कर ड्यूटी करती रहीं। पूरी खबर पढ़ें 2- गाजियाबाद के हरीश इच्छामृत्यु के लिए दिल्ली एम्स शिफ्ट, घर से आखिरी विदाई गाजियाबाद से हरीश राणा को एम्स शिफ्ट किया गया। यहां धीरे-धीरे उनका वेंटिलेटर हटाया जाएगा। घर से परिजन ने नम आंखों से आखिरी विदाई दी। माथे पर चंदन का टीका लगाकर ब्रह्मकुमारी लवली ने कहा- ‘सबको माफ करते हुए और सबसे माफी मांगते हुए अब जाओ।’ पिता हाथ जोड़े खड़े रहे। 13 साल से हरीश कोमा में हैं। सुप्रीम कोर्ट ने इच्छा मृत्यु की मंजूरी दी है। पूरी खबर पढ़ें 3- क्रिकेटर कुलदीप दुल्हन के साथ कानपुर पहुंचे, बैंड-बाजे के साथ रेड कार्पेट पर स्वागत क्रिकेटर कुलदीप यादव अपनी दुल्हन वंशिका के साथ रविवार को कानपुर पहुंचे। काला चश्मा पहने वंशिका ने ट्रेडिशनल सलवार-सूट पहन रखा था। एयरपोर्ट से दोनों BMW में सवार होकर घर पहुंचे। बैंड बाजे से स्वागत किया गया। दुल्हन के स्वागत में रेड कार्पेट बिछाया गया। आरती उतारकर दोनों की घर के अंदर एंट्री कराई गई। मसूरी में 14 मार्च को दोनों ने सात फेरे लिए थे। पूरी खबर पढ़ें 4- अखिलेश बोले- कांग्रेस पुराना साथी- मिलकर चुनाव लड़ेंगे, मायावती को PM बनाना चाहते थे मुंबई में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा- कांग्रेस पुराना साथी है। हम मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। मायावती को PM बनाना चाहते थे इसलिए गठबंधन किया था। भाजपा राजनैतिक दल नहीं, गैंग। उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने की अपील करने के साथ पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की जीत का दावा किया। बोले- बंगाल में भाजपा सम्मानजनक हार चाहती है। पूरी खबर पढ़ें 5- मायावती बोलीं- ब्राह्मण हमारे साथ आए इसलिए सपा बौखलाई, समाजवादियों का PDA प्रेम छलावा कांशीराम जयंती पर मायावती बोलीं- ब्राह्मण हमारे साथ आए इसलिए सपा बौखलाई है। सपा का PDA प्रेम छलावा, इनको महापुरुषों की याद सिर्फ चुनाव के वक्त ही आती है। BSP ही बहुजन की असली पार्टी। कार्यकर्ताओं को वोटों की ताकत से सत्ता की चाबी हासिल करने के लिए एकजुट रहना होगा। उन्होंने कहा- भाजपा भी कांशीराम को भारत रत्न देने में देर कर रही है। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें 6- यूपी के 15 शहरों में बारिश, हरदोई-सीतापुर में बिजली गिरने से 2 की मौत यूपी में रविवार को मौसम फिर पलटा है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, अयोध्या समेत 15 शहरों में तेज हवा के साथ हल्की बारिश हुई। लखनऊ में बूंदाबांदी के साथ धूलभरी आंधी चली। हाथरस में कोल्ड स्टोरेज की दीवार गिरी। हरदोई में बिजली गिरने से किसान की तो सीतापुर में महिला की मौत हो गई। किसान के 2 बच्चे झुलस गए। कई जगह फसलों को नुकसान हुआ। पूरी खबर पढ़ें 7- यूपी में रसोई गैस की किल्लत 6वें दिन जारी, लखनऊ में रिसॉर्ट से 88 सिलेंडर जब्त- FIR यूपी में रसोई गैस की किल्लत 6वें दिन जारी है। एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। लखनऊ में रिसॉर्ट से 88 सिलेंडर जब्त किए गए। रिसॉर्ट मालिक सहित 5 पर FIR दर्ज की गई। कानपुर में एजेंसी बंद होने का नोटिस चस्पा होने पर हंगामा। मैनपुरी में गैस के लिए सास-बहू में विवाद हुआ। गोंडा में सपा नेता ने सिलेंडर और गैस पाइप नाले में डालकर प्रदर्शन किया। पूरी खबर पढ़ें 8- शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद निकालेंगे गविष्ठि यात्रा, 3 मई को गोरखपुर से होगी शुरुआत गौ संरक्षण के मुद्दे को लेकर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने ‘गविष्ठि यात्रा’ का ऐलान किया है। वह 3 मई को गोरखपुर से यात्रा का शुभारंभ करेंगे। 81 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा पूरे प्रदेश से होकर गुजरेगी। शंकराचार्य ने बताया कि वह पूरे प्रदेश की परिक्रमा करेंगे। यात्रा के दौरान वे गौ रक्षा, सनातन धर्म और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश देंगे। पूरी खबर पढ़ें 9- फर्रुखाबाद में डंपर ने 20 मीटर तक बाइक को घसीटा, तीन दोस्तों की मौत फर्रुखाबाद में डंपर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। बाइक समेत तीनों युवक 20 मीटर तक घिसटते गए। हादसे में एक का सिर धड़ से अलग हो गया। तीनों की डेड बॉडी सड़क पर चिपक गई। पुलिस ने शवों को सड़क से खुरचकर थैली में भरा और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। डंपर पेड़ से टकराकर दुकान में जा घुसा। ड्राइवर फरार है। पूरी खबर पढ़ें 10- यूपी में 950 वाला सिलेंडर 3500 में ब्लैक; स्टिंग में भास्कर ने दिए रुपए यूपी में गैस की किल्लत के बीच रसोई गैस सिलेंडरों की जमकर कालाबाजारी की जा रही है। 950 वाला सिलेंडर 3500 में ब्लैक किया जा रहा जबकि जमाखोर 2007 रुपए के कॉमर्शियल सिलेंडर को 5000 रुपए में बेच रहे हैं। रसोाई गैस सिलेंडर ब्लैकमार्केटिंग के इस खेल को समझने और एक्सपोज करने के लिए दैनिक भास्कर की टीम ने राजधानी लखनऊ में इन्वेस्टिगेशन किया। पूरी खबर पढ़ें 11- वाराणसी में गंगा स्नान कर रहे दो भाई डूबे, गोरखपुर से घूमने आया था परिवार वाराणसी में रविवार को गंगा में स्नान कर रहे दो भाई डूब गए। NDRF और जल पुलिस ने एक शव को नदी से बाहर निकाल लिया लेकिन डूबने वाला दूसरा किशोर लापता है। परिवार के साथ दोनों गोरखपुर से घूमने आए थे। हादसा तुलसीघाट पर हुआ। मृतक की पहचान गोरखपुर के कौड़ीराम के रहने वाले 18 वर्षीय निखिल के रूप में हुई है। 12 वर्षीय आयुष की तलाश हो रही। पूरी खबर पढ़ें 12- गोरखपुर में मोबाइल से बात करने पर बेटी को काटा, हंसिए से कई वार किए गोरखपुर में पिता ने बेटी की गर्दन हंसिए से काट दी। हत्या को हादसा दिखाने के लिए पत्नी से झूठी तहरीर दिलवाई। पुलिस हिरासत में आरोपी पिता बोला- बेटी मोबाइल पर ज्यादा बात करती थी। मना करने पर जवाब देने लगी तो गुस्से में आकर कई थप्पड़ मार दिए। हंसिया से 8-10 वार कर दिया। खून से लथपथ होने पर घबरा गए। मेडिकल कॉलेज लेकर गए लेकिन नहीं बची। पूरी खबर पढ़ें 13- वाराणसी के अस्पताल में शराब पीते कर्मचारियों का VIDEO, CMS बोले- कार्रवाई होगी वाराणसी के जिला अस्पताल के पैथोलॉजी में कर्मचारियों के शराब पीने का VIDEO सामने आया है। इसमें 3 लोग बैठे दिख रहे हैं जबकि चौथा व्यक्ति वीडियो बना रहा है। इसमें एक टेक्नीशियन और दो संविदा कर्मचारी हैं। मशीनों के बीच लगे टेबल पर 3 गिलास में ड्रिंक और कुछ खाने की चीजें रखी गई हैं। CMS डॉ. आरएस राम ने कहा- वीडियो की जांच कराई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- यूपी के इस गांव में बिना LPG बनता है खाना, 10 साल से ईंधन के मामले में आत्मनिर्भर औरैया का परवाहा गांव ईंधन के मामले में 10 सालों से आत्मनिर्भर है। यहां पिछले 10 सालों से एलपीजी गैस सिलेंडर की आवश्यकता नहीं पड़ी। दरअसल, इस गांव में 10 साल से गोबर गैस संयंत्र स्थापित है। संयंत्र से घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंच रही। इसलिए गांव के लोग रसोई गैस सिलेंडर पर निर्भर नहीं हैं। कैसा रहेगा कल का मौसम… 15- पश्चिमी यूपी में बारिश के आसार 16 मार्च को यूपी के पूर्वी और पश्चिमी क्षेत्र में बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश का दौर शुरू हो गया है। दो दिन प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में बारिश के आसार हैं। ओले भी गिर सकते हैं। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:दरोगा भर्ती में ‘पंडित’ ऑप्शन पर योगी भड़के, इच्छामृत्यु के लिए युवक AIIMS शिफ्ट; कुलदीप की दुल्हन का ग्रैंड वेलकम
