यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:शंकराचार्य बोले- अब धर्मयुद्ध का ऐलान करूंगा; पुलिसवालों को छड़ी से पीटा; 31 हजार में 1 किलो गुझिया

Spread the love

नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत के बाद यूपी में प्रदर्शन और हाई अलर्ट को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर ईरान पर इजरायली हमले के बाद इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल होने से विदेश में फंसे हजारों भारतीयों से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- खामेनेई की मौत के बाद यूपी में हाई अलर्ट, शिया महिलाएं रोईं ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद यूपी में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। शिया महिलाएं रोईं, बोलीं- शेर था, एक मरेगा, हजार आएंगे। प्रदेश में हाई अलर्ट। योगी ने अफसरों को दिए निर्देश। डीजीपी ने बताया कि शिया समुदाय की आबादी वाले इलाकों लखनऊ, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ में सतर्कता बरतने का आदेश दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर 2- युद्ध के बीच फंसे यूपी के हजारों लोग, बंकर में छिपकर जान बचा रहे इजरायल-ईरान युद्ध की वजह से इंटरनेशनल फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं। इससे यूपी के हजारों लोग विदेश में फंस गए हैं। इजरायल में फंसे लोग बंकर में छिपकर अपनी जान बचा रहे; बोले- लगातार धमाके हो रहे, भगवान ही बचाएं। अमरोहा, हाथरस, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर सहित यूपी के विभिन्न जिलों के हजारों लोग इजरायल, ईरान के अलावा खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर 3- गोकुल में गोपियों ने पुलिसवालों पर बरसाईं छड़ियां, विदेशियों को भी नहीं छोड़ा गोकुल में रविवार को छड़ीमार होली खेली गई। दुल्हन की तरह सजी महिलाओं ने भगवान श्रीकृष्ण और बलराम के बाल स्वरूप को रंग लगाया। घूंघट में गोपियों ने भगवान पर गोटेदार कपड़ों से लिपटी छड़ियां बरसाईं। गोपियों ने बड़ी संख्या में पहुंचे विदेशी सैलानियों पर भी छड़ियां बरसाईं। पुलिसवालों को भी नहीं छोड़ा। बीजेपी विधायक पूरन प्रकाश ने भी राधा-कृष्ण संग डांस किया। पढ़ें पूरी खबर 4- शंकराचार्य 11 मार्च को लखनऊ पहुंचेंगे, बोले- गौमाता के लिए धर्मयुद्ध का शंखनाद होगा शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- गौमाता के लिए कोई प्रयास नहीं हुआ। वह गौमाता के लिए धर्मयुद्ध लड़ेंगे। 11 मार्च को लखनऊ में इसका शंखनाद करेंगे। कौन गाय के पक्ष में है और कौन विपक्ष में है, लाइन खींचकर देखना होगा। योगी पर हमला बोलते हुए कहा- मुख्यमंत्री खुद को हिंदू साबित नहीं कर रहे हैं। 40 दिन का समय दिया था, 30 दिन बीत चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर 5- आशुतोष ब्रह्मचारी का पीछे हटने का ऐलान, कहा- सरकार और पुलिस साथ नहीं दे रही शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर बटुक यौन शोषण का वाद दायर करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने पीछे हटने का ऐलान किया है। उन्होंने पुलिस और सरकार पर साथ नहीं देने का आरोप लगाया है। कहा- सरकार और पुलिस स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का साथ दे रही। बच्चे डरे हुए हैं। उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। हर लोग डरकर और छुपकर रह रहे हैं, कोई सुरक्षा नहीं मिल रही। अब अहम 8 खबरें… 6- सुल्तानपुर में गर्लफ्रेंड की मौत के बाद प्रेमी का सुसाइड, लिखा- जी कर क्या करूंगा सुलतानपुर में गर्लफ्रेंड की मौत के बाद प्रेमी ने सुसाइड कर लिया। दोनों 3 साल से रिलेशन में थे। गर्लफ्रेंड की 25 फरवरी को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। युवक उसे आखिरी बार देखने घर पहुंचा। फिर सीधे कब्रिस्तान गया। कब्र खोदने लगा तो लोगों ने रोका तो वहां से चला गया। 2 दिन बाद उसका शव एक बाग में लटकता मिला। उसे गर्लफ्रेंड की कब्र के पास दफनाया गया। पढ़ें पूरी खबर 7- अलीगढ़ में चलती बस की फर्श टूटी, भाई चिल्लाकर बोला- गाड़ी रोकिए, बहन गिर गई अलीगढ़ में स्कूल बस से कुचलकर छात्रा की मौत हो गई। छात्रा अपने भाई के साथ बस से घर लौट रही थी। रास्ते में बस के फर्श की लोहे की चादर टूट गई और छात्रा नीचे गिर गई। पहिए के नीचे आ गई। छात्रा के भाई ने चिल्लाकर कहा- अंकल, बस रोकिए, बहन नीचे गिर गई। बस रोककर ड्राइवर ने देखा तो बच्ची की मौत हो चुकी थी। ड्राइवर ने भाई को डराकर चुप करा दिया। पढ़ें पूरी खबर 8- होली के पहले वाराणसी पहुंचे सीएम योगी, अधिकारियों के साथ मीटिंग होली के पहले सीएम योगी वाराणसी पहुंचे हैं। यहां अधिकारियों के साथ विकास परियोजनाओं व कानून व्यवस्था की समीक्षा की। पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे के पहले तैयारियों को परखा। कहा- मेडिकल कॉलेज फ्लाईओवर, रोपवे, हाईवे और एयरपोर्ट के नए टर्मिनल के काम में तेजी लाई जाए। उन्होंने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अपराध पर जीरो टॉलरेंस की बात कही। पढ़ें पूरी खबर 9- लखनऊ में फ्रीजर में मिला युवक का शव, बिरयानी की दुकान खुलने पर पता चला लखनऊ में वेज बिरयानी की दुकान में रखे फ्रीजर में 35 साल के युवक का शव मिला। दुकानदार के पिता की मौत के बाद दुकान 4 दिन से बंद थी। दुकानदार रविवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचा तो वह फ्रीजर में शव देखकर सन्न रह गया। शव देखते ही वह चिल्ला उठा। आसपास के लोग जमा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। युवक के मोबाइल और आधार से पहचान हो सकी। पढ़ें पूरी खबर 10- लखीमपुर में भाई की बारात में मूक-बधिर नाबालिग से गैंगरेप; एनकाउंटर में एक अरेस्ट लखीमपुर में फुफेरे भाई की बारात में आई मूक-बधिर लड़की के साथ गांव के दो युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपी बहला-फुसलाकर बारात से करीब 50 मीटर दूर गन्ने के खेत में ले गए। बारी-बारी से रेप किया। खेत की ओर गई एक लड़की ने देखा तो शोर मचाया। गुस्साएं लोगों ने एनकाउंटर के लिए प्रदर्शन किया। गांव में फोर्स तैनात। पुलिस ने एनकाउंटर के बाद एक अरेस्ट किया। पढ़ें पूरी खबर 11- काशी ने बनाया 1 घंटे में सबसे अधिक पौधे रोपने का वर्ल्ड रिकॉर्ड, चीन को पछाड़ा काशी ने हरियाली के क्षेत्र में विश्व रिकॉर्ड बनाया है। सुजाबाद-डोमरी में एक घंटे में 245103 पौधे लगाकर चीन के नाम दर्ज गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ा गया। इसके पहले चीन ने 2018 एक घंटा में 153981 पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाया था। इस ऐतिहासिक पल को दर्ज करने के लिए ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ की टीम ऋषि नाथ के नेतृत्व में डोमरी में मौजूद रही। पढ़ें पूरी खबर 12- मेरठ में कपड़ा व्यापारी परिवार से मिले चंद्रशेखर, बोले- 5 करोड़ मुआवजा दे सरकार नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद, मेरठ में आग से जलकर मरे कपड़ा व्यापारी के परिवार से मिले। 5 करोड़ मुआवजा की मांग की। कहा- इस हादसे को एक सप्ताह हो चुका है। जांच तक घर में जाने से रोका गया था। लेकिन न कमेटी बनी न जांच हुई। परिवार बेघर है लेकिन कोई मदद नहीं मिली।प्रशासन पीड़ित परिवार को घर तो सौंप दे। उन्होंने अमेरिका पर भी हमला बोला। पढ़ें पूरी खबर 13- भाई के खिलाफ सरकारी गवाह बनेगी बहन, पिता को गोली मारकर ड्रम में भर दिया था लखनऊ में पैथालॉजी मालिक मानवेंद्र प्रताप सिंह की हत्याकांड में पुलिस मृतक की बेटी कृति को सरकारी गवाह बनाने की तैयारी में है। बेटी ने पूछताछ में बताया कि पिता के मरने की असली वजह भाई अक्षत प्रताप ही बता सकता है। जब उसने गोली चलाई तब मेरी आंख खुली। वह रोने लगी तो जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया था। 20 फरवरी को गोली मारी थी। पढ़ें पूरी खबर खबर जो हटकर है… 14- होली पर 31 हजार रुपए किलो गुझिया, एक पीस 750 रुपए की कानपुर में 31,000 रुपए किलो गुझिया बिक रही। इस गुझिया की खासियत यह है कि यह 24 कैरेट सोने के वर्क से सजी है। सोने की सिंगल गुझिया का एक बॉक्स 750 रुपए में है। हालांकि, इस गुझिया के खरीदार कम हैं लेकिन इसको देखने के लिए दुकान पर भीड़ लग रही है। दुकान पर आ रहा हर ग्राहक एकबारगी इस स्पेशल गुझिया को देख रहा। कई तो सेल्फी तक ले रहे। पढ़ें पूरी खबर कैसा रहेगा कल का मौसम… 15- मौसम रहेगा साफ, तेज धूप से बढ़ेगी गर्मी 2 मार्च 2026 को यूपी में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में धीरे-धीरे तापमान बढ़ रहा है। ठंड का असर लगभग खत्म हो चुका है। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…