नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम रहे अजित पवार की अस्थियों को प्रयागराज में विसर्जित किए जाने से जुड़ी है। वहीं, दूसरी खबर वाराणसी में कांग्रेस की संविधान संवाद रैली को लेकर है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें… 1- अजित पवार की अस्थियां संगम में विसर्जित; प्राइवेट जेट से आया परिवार महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी CM अजित पवार की अस्थियां रविवार को संगम में प्रवाहित की गईं। बेटे जय पवार ने संगम पर पूजा-पाठ की। फिर मंत्रोच्चारण के बीच अस्थि विर्सजन किया। जय भावुक नजर आए। वह पूरे कार्यक्रम के दौरान चुप रहे। मीडिया से भी दूर रहे। परिवार चार्टर्ड प्लेन से पुणे से प्रयागराज पहुंचा था। पिता की अस्थियां हाथ में लिए जय नंगे पैर एयरपोर्ट से बाहर आए। पूरी खबर पढ़ें 2- वाराणसी में इमरान मसूद बोले- पीएम इस्तीफा दें; खेड़ा ने कहा- काशी का श्राप लग रहा वाराणसी में संविधान संवाद रैली में कांग्रेस नेताओं ने पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। सुप्रिया श्रीनेत ने कहा- काशी में मूर्तियां खंडित होती है तो खून खौलता है। पवन खेड़ा बोले- मोदी को काशी का श्राप लग रहा। जो मां गंगा का नहीं हुआ, वह आपका-हमारा क्या होगा। इमरान मसूद ने कहा- संसद में अगर प्रधानमंत्री की जान को खतरा है तो उनको इस्तीफा दे देना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें 3- बजट सत्र के पहले सर्वदलीय बैठक हुई; 11 फरवरी को आएगा बजट यूपी विधानसभा में 11 फरवरी को सरकार बजट पेश कर सकती है। बजट सत्र शुरू होने के एक दिन पहले सीएम योगी की अध्यक्षता में रविवार को सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में सत्ताधारी दल भाजपा के अलावा सपा, कांग्रेस सहित अन्य दलों के फ्लोर लीडर्स मौजूद रहे। इस बार करीब 9 लाख करोड़ का बजट पेश होगा। पिछला बजट करीब 8.08 लाख करोड़ रुपए का था। पूरी खबर पढ़ें 4- अखिलेश बोले- जीरो बड़ा या 18? BJP गिनती नहीं जानती; ट्रंप की टैरिफ पर तंज ट्रंप द्वारा लगाए गए टैरिफ पर अखिलेश यादव ने तंज सकते हुए कहा- बीजेपी गिनती ही नहीं जानती। 18 परसेंट या जीरो परसेंट? आप बताइए बड़ा क्या होगा? बीजेपी आज भी 18 और जीरो का पहाड़ा पढ़ रही। प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने नंदलाल नामक व्यक्ति को भी पेश किया। बताया- भाजपाइयों ने जिस नंदलाल का सिग्नेचर कर फार्म 7 जमा कर सैकड़ों वोट कटवाए वह अंगूठा लगाता है। 5- मैनपुरी में बॉलिंग करते समय छात्र की मौत; जमीन पर गिरा-फिर नहीं उठा मैनपुरी में क्रिकेट खेल रहे 13 साल के छात्र की मौत हो गई। वह बॉलिंग कर रहा था तभी उसके हाथ में तेज दर्द होने लगा। कुछ देर बाद वह जमीन पर गिरकर छटपटाने लगा और बेहोश हो गया। परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह छठवीं का छात्र था। माता-पिता का इकलौता बेटा था। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है। पूरी खबर पढ़ें अब अहम 8 खबरें… 6- मेरठ में शादी के पहले कॉन्स्टेबल दुल्हन किडनैप; पिता बोले- हिस्ट्रीशीटर ले गया मेरठ में शादी के कुछ घंटे महिला कॉन्स्टेबल को एक हिस्ट्रीशीटर ने किडनैप कर लिया। रविवार शाम को बारात आनी थी। सुबह लड़की लापता हो गई। कॉन्स्टेबल के पिता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस 3 टीमें गठित करके बरामदी की कोशिश में लगी है। कॉल डिटेल्स के आधार पर पुलिस ने दावा किया कि लड़की अपनी मर्जी से गई है। उनके बीच प्रेम-प्रसंग था। पूरी खबर पढ़ें 7- कानपुर में IAS कृतिका के संग IAS अंकुर सात फेरे लेंगे; मसूरी में दोनों मिले थे IAS कृतिका मिश्रा रविवार को शादी के बंधन में बंधने जा रहीं। वह बिहार कैडर की IAS हैं, पटना में पोस्टेड हैं। कानपुर में वह लखनऊ के IAS अंकुर त्रिपाठी के साथ सात फेरे लेंगी। 30 नवंबर 2025 को दोनों की लखनऊ में सगाई हुई थी। कृतिका और अंकुर मसूरी में ट्रेनिंग के दौरान मिले थे। पिता दिवाकर मिश्रा ने बताया कि शादी के बाद रिसेप्शन पटना में किया जाएगा। पूरी खबर पढ़ें 8- कासगंज में इंस्पेक्टर ने फरियादी का कॉलर पकड़कर घसीटा; थाने में 4 घंटे तक बैठाया समाधान दिवस में कमिश्नर के पास फरियाद लेकर पहुंचे एक व्यक्ति को कासगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर ने कॉलर पकड़कर धक्का देकर बाहर कर दिया। पुलिसवाले पीड़ित को 4 घंटे तक कोतवाली में बैठाए रखे। अलीगढ़ कमिश्नर संगीता सिंह जब तहसील से लौट गईं तो 151 में उसका चालान कर दिया गया। पीड़ित ने बताया कि जेल जाने से बचने के लिए जमानत करानी पड़ी। पूरी खबर पढ़ें 9- मंत्री निषाद को देवरिया में न एस्कॉर्ट मिला न कोई अधिकारी पहुंचा; लेटर लिखा यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद VVIP ट्रीटमेंट नहीं मिलने पर भड़क गए। देवरिया पहुंचे मंत्री को न तो एस्कॉर्ट वाहन दिया गया और न ही सर्किट हाउस में वीआईपी व्यवस्थाएं दी गईं। गेस्ट हाउस पर कोई अधिकारी भी मौजूद नहीं था। मंत्री 2 फरवरी को देवरिया एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। मंत्री के PS ने DM और SP को लेटर भेजकर कार्रवाई का निर्देश दिया है। पूरी खबर पढ़ें 10- उद्योगपति के बेटे ने लेम्बोर्गिनी कार से 6 को उड़ाया; बुलेट सवार 10 फीट दूर गिरा कानपुर में तंबाकू कारोबारी के बेटे ने VIP रोड पर लेम्बोर्गिनी कार से छह से अधिक लोगों को टक्कर मार दी। एक बुलेट सवार को टक्कर मारी तो चालक हवा में उछलकर सड़क पर 10 फीट दूर गिरा। इसके बाद लेम्बोर्गिनी कार बुलेट के ऊपर चढ़ गई। गुस्साए लोगों ने कार को घेर लिया। बाउंसरों ने लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया। धक्का देकर लोगों को भगाने का प्रयास किया। पूरी खबर पढ़ें 11- संभल में छेड़खानी के आरोपी को सरेआम जूते से पिटवाया, पंचायत ने सुनाया फैसला संभल में छेड़खानी के आरोपी को पंचायत ने जूते मारने की सजा सुनाई। पंचों की सहमति से किशोरी ने आरोपी को 5 जूते मारे। पीड़िता बोली- घर के पास रहने वाला किशोर आए दिन छेड़ता था। मां के साथ थाने गई तो कार्रवाई का आश्वासन देकर लौटाया गया। इसके बाद प्रधान ने पंचायत बुलाई। पुलिस ने कहा कि जूते मारने की घटना की जानकारी नहीं। छेड़छाड़ की शिकायत मिली है। पूरी खबर पढ़ें 12- हिंदूवादी संगठन ने लखनऊ में होर्डिंग्स लगाई, लिखा-‘बाबरी फिर से गिराएंगे’ विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने 10 फरवरी को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जाने का ऐलान किया है। लखनऊ में संगठन की ओर से होर्डिंग लगाई गई हैं। उस पर लिखा- हुमायूं हम आएंगे…बाबरी फिर से गिराएंगे। बंटोगे तो कटोगे। हिंदुओं की विरोधी सरकार में, इस बार होगा मुर्शिदाबाद में नई बाबरी पर आरपार। शहर में लगे होर्डिंग्स की वजह से पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। पूरी खबर पढ़ें 13- लखनऊ में चाइनीज मांझे से युवक की नाक कटी; 4 दिन में 1 मौत-3 घायल लखनऊ में चाइनीज मांझे से युवक की नाक कट गई। युवक बाइक से जा रहा था कि चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। एक दिन पहले शनिवार को मांझे से गर्दन कटने से बाइक सवार घायल हो गया था। बीते 4 दिन में शहर में 1 मौत हो गई और 3 घायल हुए। बीते 5 फरवरी को सीएम योगी ने अधिकारियों को फटकारते हुए कहा था- चाइनीज मांझे से मौत पर हत्या का केस दर्ज हो। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है… 14- दूल्हा बैलगाड़ी से दुल्हन लेने पहुंचा, खुद गाड़ी को हांकते हुए लाया महोबा में अपनी बारात लेकर दूल्हा न कार से गया न हेलीकॉप्टर से, बल्कि वह बैलगाड़ी पर सवार होकर पहुंचा। जब दूल्हा ससुराल पहुंचा तो उस पर फूलों की बारिश हुई। पिंडारी गांव के दिलीप कुशवाहा की यह अनोखी बारात की क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही। लोग इसे बुंदेली संस्कृति को बढ़ावा देने वाला बता रहे। पूरी खबर पढ़ें कल क्या रहेगा खास 15- यूपी विधानसभा का सत्र शुरू होगा यूपी विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा। सत्र 9 फरवरी से 20 फरवरी तक चलेगा। सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। 11 फरवरी को वित्त मंत्री बजट पेश करेंगे। कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:बाबरी मस्जिद ढहाने का ऐलान; शादी के दिन कॉन्स्टेबल दुल्हन किडनैप; खेलते-खेलते बच्चे की हार्ट अटैक से मौत
