डॉक्टर के होटल में आ रहे अनमैरिड कपल्स, स्कूली बच्चियां:करनाल में मचा बवाल, लोग बोले- बिना ID के मिल रहे कमरे, बिगड़ा माहौल

Spread the love

हरियाणा के करनाल की एक पॉश और रिहायशी कॉलोनी में बने भवन को होटल में तब्दील किए जाने पर क्षेत्र का माहौल बिगड़ गया। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि यहां लगातार संदिग्ध गतिविधियां हो रही हैं, जिससे न सिर्फ सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है, बल्कि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। हालात बिगड़ते देख लोगों ने एकजुट होकर पुलिस को शिकायत दी है। दीवान कॉलोनी में स्थित एक बिल्डिंग को होटल के रूप में संचालित किया जा रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि यह इलाका पूरी तरह रिहायशी है, इसके बावजूद यहां होटल खोल दिया गया। आरोप है कि इस होटल में न सिर्फ बाहरी लोग ठहरते हैं, बल्कि छोटी उम्र की लड़कियों की भी आवाजाही देखी जा रही है। सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए, स्थानीय लोगों ने क्या कहा… अनमैरिड कपल और छात्राओं की आवाजाही
कॉलोनीवासियों का आरोप है कि यहां अनमैरिड कपल आते हैं और कई बार छात्राएं भी स्कूल ड्रेस में देखी गई हैं। होटल के कई कमरे बिना किसी कपल आईडी के दिए जा रहे हैं। अगर ID की जांच की जाए, तो कई मामलों में आईडी उपलब्ध नहीं होती। लोगों का कहना है कि दूसरे राज्यों की गाड़ियां होटल के बाहर खड़ी रहती हैं। इनमें से उतरकर लोग नशे की हालत में होटल के बाहर खड़े रहते हैं। जब कॉलोनीवासी उन्हें टोकते हैं, तो वे झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। दीवान कॉलोनी के लोगों ने पुलिस से मांग की है कि रिहायशी इलाके में चल रहे इस होटल को पूरी तरह बंद किया जाए, ताकि कॉलोनी का शांत और सुरक्षित माहौल फिर से बहाल हो सके। बिल्डिंग मालिक ने कहा- ओयो को लीज पर दी है
बिल्डिंग के मालिक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यह बिल्डिंग ओयो वालों को लीज पर दी हुई है। बिल्डिंग लीज पर दी हुई है। यह PG के तौर पर चलाई जा रही है। मैं शहर का अच्छा नागरिक हूं और कॉलोनी वालों के साथ खड़ा हूं। कॉलोनी वालों से मैंने थोड़ा टाइम मांगा था, क्योंकि कम्पनी के साथ कॉन्ट्रैक्ट है और उसको बीच में नहीं तोड़ा जा सकता। क्योंकि यह कानूनी तौर पर गलत है। यह कॉन्ट्रैक्ट जल्द ही पूरा हो जाएगा और इसको सोसाइटी के हिसाब से ही चलाएंगे। अब यहां पर कंपनी वाले किसको रेंट पर दे रहे है और कौन वहां पर आ रहा है, उससे मेरा कोई वास्ता नहीं है।