झज्जर में पढ़ाई के दबाव में स्टूडेंट ने जान दी:रील बनाने का शौक था, सीढ़ियों की ग्रिल से मफलर बांध फंदा लगाया; माता-पिता बाहर थे

Spread the love

झज्जर जिले के दूबलधन गांव में पढ़ाई के दबाव में रविवार रात एक छात्र ने जान दे दी। 17 साल के छात्र ने घर की सीढ़ियों की ग्रिल से मफलर का फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना के समय छात्र के माता-पिता बाहर गए थे और घर पर कोई नहीं था। मृतक की पहचान दूबलधन गांव निवासी पुनीत पुत्र बनी सिंह के तौर पर हुई है। पुनीत को इंस्टाग्राम पर रील बनाने का शौक था और वह दोस्तों के साथ अक्सर अपने वीडियो शेयर करता रहता था। पिता के अनुसार बेटा वीडियो बनाने के लिए दोस्तों के साथ बाहर भी जाता था। वह पढ़ाई में औसत स्टूडेंट था। बेटा आत्महत्या जैसा कदम उठा लेगा, ऐसा सोचा भी नहीं था। आत्महत्या की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नागरिक अस्पताल झज्जर में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। पुलिस ने परिजनों को छात्र का शव सौंप दिया है। परिजनों के अनुसार पुनीत दो भाइयों में बड़ा था और गांव की निजी अकादमी में पढ़ाई करता था। पिता बनी सिंह चिनाई (मजदूरी) का काम करते हैं। रात को पिता हरिद्वार, तो मां मायके गई थी : मृतक के पिता ने बताया कि वे कल हरिद्वार गए हुए थे। किसी काम से पुनीत की मां भी अपने मायके गई थी। मृतक की दादी अपने दूसरे बेटे के घर गई हुई थी। जिस समय पुनीत ने फंदा लगाया, उस समय घर पर कोई नहीं था। पिता का कहना है कि पुनीत पढ़ाई के दबाव में परेशान था, इसी कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। हंसी-मजाक की वीडियो बनाता था : पिता बनी सिंह ने बताया कि पुनीत इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहता था। वह अक्सर हंसी-मजाक की वीडियो इंस्टाग्राम पर दोस्तों के साथ डालता रहता था। पुनीत उनका बड़ा बेटा था और इस बार उसकी 12वीं की पढ़ाई पूरी हो जाती। पिता के बयान पर कराया पोस्टमॉर्टम जांच अधिकारी संदीप के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवाया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने पिता बनी सिंह के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है।