सिरसा जिले के चोपटा क्षेत्र के गांव जमाल में एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा शनिवार देर रात धुंध के कारण एक बाइक के चौक से टकराने से हुआ। तीनों युवक गांव ढुकड़ा के निवासी थे और मजदूरी करते थे। जानकारी के अनुसार, गांव ढुकड़ा निवासी 23 वर्षीय बिल्लू पुत्र राजपाल, 22 वर्षीय सुनील पुत्र भंवर सिंह और अजय पुत्र मंगलाराम शनिवार देर रात करीब 12 बजे बाइक पर ढुकड़ा से जमाल की ओर जा रहे थे। गांव जमाल स्थित भगत सिंह चौक के पास उनकी बाइक बेकाबू होकर चौक से टकरा गई। एक को गंभीर हालत में किया रेफर टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें एम्बुलेंस द्वारा नाथूसरी चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने बिल्लू और सुनील को मृत घोषित कर दिया। अजय कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस ने घटना की सूचना मिलने पर कार्रवाई की। जमाल पुलिस चौकी में कार्यरत एसआई पृथ्वी सिंह ने बताया कि पुलिस ने इत्तफाकिया मौत का मामला दर्ज कर दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक बिल्लू और सुनील दोनों शादीशुदा थे। बताया गया है कि शनिवार को सुनील का जन्मदिन भी था। इस घटना के बाद गांव ढुकड़ा में शोक का माहौल है, जहां एक साथ दो चिताएं जलाई गईं।
सिरसा में चौक से टकराई बेकाबू बाइक दुर्घटना:दो युवकों की मौत, एक युवक घायल, ढुकड़ा से जमाल जा रहे थे तीनों
