रेवाड़ी में एक शादी समारोह में शिरकत करने आए मामा-भांजे के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर झगड़ा हो गया। आरोप है कि भांजे ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने सगे मामा की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी और उनकी मौत हो गई। कोसली पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। नोटबंदी में खाते में डाले थे पैसे जानकारी के अनुसार गुरुग्राम के दखौरा निवासी रोहित ने नोटबंदी के दौरान गांव बव्वा निवासी मामा परशुराम (44) के खाते में पैसे डाले थे। जिन्हे बाद में लेने की बात कही थी। रोहित द्वारा खाते में डाले गए पैसे परशुराम से खर्च हो गए। जिसे लौटाने के लि रोहित लगातार दबाव बना रहा था। रविवार को बव्वा गांव में थी शादी बताया जाता है कि परशुराम और रोहित दोनों का परिवार गुरुग्राम रहते है। परशुराम कंपनी में काम करता है। रविवार को वह परिवार के साथ शादी में शामिल होने के लिए गांव आया हुआ था। रोहित भी शादी में शामिल होने के लिए परिवार और दोस्तों के साथ बव्वा गांव आया हुआ था। शादी में शामिल होने के बाद रोहित अपने मामा के घर पहुंच गया। इसी दौरान पैसों को लेकर दोनों में हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। पापा को जमीन पर गिराकर पीटा परशुराम के बेटे ने बताया कि भैया और पापा पैसों को लेकर बातचीत कर रहे थे। वह कोल्डड्रिंक लेने के लिए दुकान पर चला गया। जब वापस वापस लौटा तो पापा जमीन पर पड़े हुए थे और रोहित और उसके साथी उनकी पिटाई कर रहे थे। पापा के बेहोश होने पर रोहित अपने परिवार और साथियों के साथ दो गाड़ियों में सवार होकर चले गए। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मारपीट के दौरान गिरने से उनके सिर में चोट लगी थी। पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज एसएचओ कोसली मनोज ने बताया कि कंट्रोल रूम से उन्हें सुबह पांच बजे सूचना मिली थी। जिसमें बताया गया कि मामा भांजे के बीच पैसे के लेनदेन में हुए झगड़े में चोट लगने से मामा की मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पत्नी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रोहित ने पत्नी के साथ गर्दन पकड़ दिया धक्का
मृतक परशुराम की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका भांजा निवासी धखोरा हाल राजेंद्रा पार्क गुरुग्राम दो गाड़ियों में सवार अपने साथियों के साथ रात करीब 9 बजे उनके घर आया। घर पर मेरे पति परशुराम, बेटा अक्षय और बेटी संजू घर पर थे। मैंने दरवाजा खोला और राहित अपने साथियों के साथ अंदर आकर बैठ गए। बेटे को पेयजल लेने भेज दिया। रोहित और उसकी पत्नी ज्योति का पैसे को लेकर मेरे पति के साथ झगड़ा करने लगे। मैने और मेरी बहन शर्मिला निवासी बीबीरानी ने बीच बचाव का प्रयास किया। रोहित और उसकी पत्नी ने मेरे पति की गर्दन पकड़कर धक्का दे दिया। जिससे उनका सिर सीढ़ी (पैड़ी) पर लगा। इसके बाद सभी ने मिलकर उनके पति को पीटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर हमें भी धक्का दिया। हमें भी धमकी दी, जो करना हो कर लेना। मेरे बेटे द्वारा बनाई वीडियो में भी आरोपी धमकी देते दिख रहे हैं। हम किसी प्रकार घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल लेकर गए। जहां जांच के बाद डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
रेवाड़ी में मामा को भांजे ने पीट-पीटकर मार डाला:नोटबंदी के समय रुपए के हिसाब पर विवाद; गुरुग्राम से शादी में आए थे दोनों
