हरियाणा की औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के बीपीटीपी थाना क्षेत्र के एक सैलून के भीतर घुसकर आधा दर्जन युवकों ने दो दोस्तों पर लोहे की रॉड और डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की यह पूरी घटना सैलून में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। इसमें हमलावर बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। इस वारदात के पीछे का कारण कालेज के समय पनपी आपसी रंजिश बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव बड़ोली निवासी नीतीश और कार्तिक शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे तेरा सोसाइटी के पास स्थित न्यू सैलून में बाल कटवाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक पीछे से आए करीब छह युवकों ने सैलून में घुसकर दोनों पर डंडों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से सैलून में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने नीतीश और कार्तिक को बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमले में दोनों युवकों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। सीसीटीवी मे कैद हुई वारदात घटना की सूचना मिलते ही बीपीटीपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सैलून का निरीक्षण किया। पुलिस ने सैलून में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घायलों को इलाज के लिए तुरंत सूर्या अस्पताल, एनआईटी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। कालेज के समय में पनपी पुरानी रंजिश पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कॉलेज के समय से विवाद चला आ रहा था और पहले भी कई बार झगड़ा हो चुका है। पुलिस बोली जांच जारी बीपीटीपी थाना प्रभारी अरविंद ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद के सैलून में 2 युवकों को रॉड-डंडों से पीटा,VIDEO:बाल कटवाने आए थे, 6 युवकों ने किए ताबड़तोड़ वार; कॉलेज के समय से दुश्मनी
