दंतेवाड़ा : जादू-टोने के शक में ग्रामीण पर कुल्हाड़ी से वार करने वाले दो आराेपित गिरफ्तार

Spread the love

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वारदात 16 अक्टूबर को कुटरेम गांव में हुई, जब हुर्रा कड़ती अपने घर के आंगन में सो रहा था। इसी बीच अज्ञात 2 युवक पहुंचे और कुल्हाड़ी से उसके गले पर तीन बार वार कर भाग गए। इसी बीच चिल्लाने की आवाज सुनकर युवक की पत्नी मल्ले कड़ती बाहर आई । जोर-जोर से आवाज लगाकर पड़ोसियों को भी बुलाया। जिसके बाद हुर्रा कड़ती को अस्पताल लेकर गए। जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। वहीं दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने थाना प्रभारी संजय यादव के नेतृत्व में एक टीम बनाई, जिसके बाद आरोपितों की तलाश के दाैरान पुलिस ने गांव वालों से पूछताछ शुरू की। जिसके बाद पुलिस को गांव के ही युवक भीमा कुंजाम और बामन कुंजाम पर शक हुआ। इनकी तलाश कर इन्हें हिरासत में लिया गया। जब इनसे पूछ-ताछ शुरू हुई तो इन्होंने हत्या का प्रयास करने की बात स्वीकार कर ली। वहीं दोनों आरोपितों ने पुलिस को बताया कि, हुर्रा जादू-टोना करता था। जिससे उनके परिवार के लोग बीमार पड़ रहे थे। इसी बात को लेकर उन्होंने हत्या का प्रयास किया।