सिरसा जिले के डबवाली पुलिस ने खोखर गांव में हुए डबल मर्डर मामले का खुलासा किया है। मामले में दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद किए हैं। कालांवाली थाना प्रबंधक पीएसआई सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार की गई दोनों महिलाएं खोखर गांव की रहने वाली हैं। उनके कब्जे से एक बांस की लाठी और एक गंडासे का बिंडा (लकड़ी का हैंडल) बरामद किया गया है, जिनका इस्तेमाल वारदात में किया गया था। खेत में गया व्यक्ति वापस नहीं लौटा मामला 1 मार्च, 2025 को जसवीर सिंह पुत्र मिट्ठू सिंह निवासी खोखर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। जसवीर सिंह ने बताया कि 1 मार्च की सुबह करीब 7:30 बजे उनके भाई झरमल सिंह और भतीजे दलजीत सिंह अपने खेत की ओर गए थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। आरोपियों ने हथियारों से हमला किया जसवीर सिंह ने अपने चचेरे भाई गुरप्रीत सिंह और भतीजे अर्शदीप सिंह के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की। सुबह करीब 8:30 बजे वे मोती सिंह पुत्र धर्म सिंह के खेत के पास पहुंचे, जहां उन्होंने जसवंत सिंह पुत्र बीकर सिंह, बीकर सिंह पुत्र मोती सिंह, मोती सिंह और अन्य लोगों को झरमल सिंह और दलजीत सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला करते देखा। शोर मचाने पर लोग हुए इकट्ठा जब उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने गुरप्रीत सिंह और अर्शदीप सिंह को भी चोटें पहुंचाईं। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी अपने हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। जसवीर सिंह ने झरमल सिंह, दलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह और अर्शदीप सिंह को सरकारी अस्पताल कालांवाली में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने झरमल सिंह और दलजीत सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुरप्रीत सिंह और अर्शदीप सिंह को आगे के इलाज के लिए सिरसा रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे का कारण शिकायतकर्ता जसवीर सिंह ने बताया कि 3-4 दिन पहले उसने अपने भाई झरमल सिंह के साथ उत्तम सिंह उर्फ भिन्दा पुत्र गुरमीत सिंह निवासी खोखर की दो कनाल जमीन खरीदने का सौदा किया था, जो उससे पहले उक्त आरोपियों ने उस जमीन के सौदे के लिए 6 हजार रुपए साई के तौर पर उत्तम सिंह को दिए थे, जो उसने वह राशि वापस कर दी। जिसकी वजह से उनकी आपसी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस प्रबंधक थाना कालांवाली ने बताया कि वारदात को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 118(1), 126(2), 191(3), 61(2), 115(2) के तहत अभियोग दर्ज कर विशेष जांच शुरू की । पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास के क्षेत्र में गहन पूछताछ की तथा तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाकर मामले की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया। कोर्ट में पेश कर भेजा जेल जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर काम करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की और महत्वपूर्ण सुराग जुटाए ।लगातार की गई गहन पड़ताल, गुप्त सूचना तथा ठोस साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने दो महिला आरोपियों की वारदात में संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने आमजन से भी अपील की, कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सिरसा में डबल मर्डर केस में दो महिलाएं गिरफ्तार:वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद; जमीन को लेकर विवाद
