रेवाड़ी की हाईटेक जेल से UP के दो बंदी फरार:ऑनलाइन ठगी के आरोपी; शाम की गिनती में हुआ खुलासा

Spread the love

रेवाडी की हाईटेक जेल से दो बंदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना का पता चलने के बाद जेल प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। दोनों ऑनलाइन ठगी के मामले में आरोपी हैं और यूपी के रहने वाले हैं। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने जेल कर्मी की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गिनती के दौरान बंदी मिले कम जेल कर्मी मुस्ताक अहमद ने पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि 27 मार्च को उनके पास जेल का कार्यभार था। शाम को जब जेल में गिनती की गई, तो दो बंदी कम मिले। जांच करने पर पता चला कि यूपी के रामपुरा के 22 वर्षीय फैजान और इटावा के 21 वर्षीय जाहिद जेल से गायब हैं। आसपास दोनों की तलाश की गई, परंतु कहीं कोई सुराग नहीं मिला। जिसके बाद मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी गई। शिकायत में बताया कि दोनों को दोपहर डेढ़ बजे जेल में इकट्‌ठा देखा गया। इसके बाद दोनों जेल में किसी को दिखाई नहीं दिए। सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल एसपी ने नहीं दिया जवाब जब इस बारे में एसपी जेल सुरेंद्र दलाल से उनके मोबाइल पर संपर्क किया, तो भास्कर एप का नाम सुनते ही फोन कट कर दिया। इसके बाद बार-बार संपर्क करने पर भी जवाब नहीं दिया। इससे पहले जेल के लैंड लाइन नबंर पर उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, परंतु कर्मचारियों ने जेल के राउंड पर होने की बात कहते हुए बात करवाने से इनकार कर दिया। प्रदेश की हाईटेक जेलों में से एक रेवाड़ी जेल को प्रदेश की हाईटेक जेलों में से एक माना जाता है। सरकार ने गांव फिदेड़ी में गत वर्ष ही उद्घाटन हुआ था। जिसमें सुरक्षा जेल में बंद कैदियों औंर बंदियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने का दावा किया गया था। इसके बावजूद हाईटेक जेल से दिनदहाड़े दो बंदियों के फरार होने की घटना ने जेल के सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीन टीमों का किया गठन- SHO एसएचओ सदर राजेंद्र कुमार ने बताया कि फरार बंदियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया है। जिनमें सदर पुलिस रेवाड़ी के साथ रेवाड़ी और धारूहेड़ा सीआईए की टीमों को लगया गया है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि आरोपी जेल से कैसे फरार हुए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।