घर के सामने खोदे गए गड्ढे में डूबे दो भाई, मौत
पश्चिम सिंहभूम, 28 जून (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रुगुड़पंचो गांव में शुक्रवार रात दो सगे भाई खेलते वक्त घर के सामने पानी से भरे गड्ढे में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतकों की पहचान पलटन सिंह कुंटिया के पुत्र विकास सिंह कुंटिया (7 ) और विशाल सिंह कुंटिया (5 ) के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि घर बनाने के लिए मिट्टी निकालने के उद्देश्य से पलटन सिंह कुंटिया ने घर के सामने गड्ढे खोदे थे। हाल की बारिश के कारण उन गड्ढों में पानी भर गया था। शुक्रवार को दोनों भाई उन्हीं गड्ढों के पास खेल रहे थे, तभी पैर फिसलने से गहरे पानी में चले गए और डूब गए। उनके साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल ले गए। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घर बनाने के लिए खोदा गया वही गड्ढा परिवार के लिए काल बन गया।
—————