यमुनानगर जिले में प्रतापनगर क्षेत्र के गांव भंगेड़ा में शनिवार देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और दौड़कर घटनास्थल की ओर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सीधे सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रतापनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। आज दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम होगा। दोस्त को छोड़ने घर जा रहा था पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान भंगेड़ा के 27 वर्षीय अनुज शर्मा और उसके दोस्त 35 वर्षीय सतपाल निवासी मुजाफत कलां के रूप में हुई है। अनुज अपने दोस्त सतपाल को उसके घर छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वे गांव भंगेड़ा के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। एक की 3 माह पहले हुई थी शादी हादसे में जान गंवाने वाले अनुज शर्मा की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी। अनुज पेशे से डेंटल का काम करता था और अपनी खुद की दुकान खोलने की तैयारी में जुटा हुआ था। बताया गया है कि इसी सिलसिले में वह अपने दोस्त सतपाल के साथ मुजाफत कलां में डेंटल क्लिनिक की तलाश कर रहा था। दोनों पिछले कुछ दिनों से साथ रहकर भविष्य की योजनाएं बना रहे थे, लेकिन हादसे ने उनके सभी सपनों पर विराम लगा दिया।
यमुनानगर में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत:ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, एक की 3 माह पहले हुई शादी, पोस्टमॉर्टम आज
