हरियाणा के यमुनानगर में शनिवार देर शाम दो दोस्तों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उनका एक तीसरा दोस्त घायल है। बताया जा रहा है कि दोनों को कॉलेज से जुड़े पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने कॉलेज के ही एक छात्र ने खजूरी गांव बुलाया था। बातचीत के दौरान अचानक कहासुनी बढ़ गई और मामला झगड़े में बदल गया। इसी दौरान आरोपियों ने युवकों की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। मृतकों की पहचान गांव नागल निवासी आदित्य (18) और उसके दोस्त खजूरी निवासी राज कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था आदित्य मृतक आदित्य के चाचा रक्षित ने बताया कि आदित्य खालसा कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। आदित्य अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उन्हें फोन पर सूचना मिली थी कि आदित्य को चाकू मार दिया गया है। जिस युवक से उसका विवाद हुआ, वह भी उसी कॉलेज में पढ़ता था। राजकुमार ने PGI जाते हुए दम तोड़ा रक्षित ने बताया कि आसपास मौजूद लोगों ने तीनों घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए यमुनानगर के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने आदित्य को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजकुमार की हालत नाजुक होने के कारण उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। वारदात में विक्रांत घायल है। पुलिस ने शव मॉर्च्युरी में रखवाए घटना की सूचना मिलते ही थाना जठलाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एहतियात के तौर पर गांव खजूरी और सिविल अस्पताल में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। कॉलेज का विवाद स्पष्ट नहीं फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इनका कॉलेज में क्या विवाद हुआ था। पुलिस प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश या पुराने विवाद की आशंका जता रही है। वारदात के बाद आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
गर्दन में चाकू घोंपकर दो दोस्तों की हत्या, तीसरा घायल:यमुनानगर में कॉलेज का विवाद सुलझाने बुलाया था, कहासुनी के बाद हमला किया
