सिरसा: दुबई में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के दाे आराेपी पानीपत से गिरफ्तार

Spread the love

शिकायत पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम थाना सिरसा में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान ठगी में प्रयुक्त कैनरा बैंक को ट्रेस किया गया। यह खाता सरफराज आलम हाल निवासी पानीपत के नाम पर पाया गया। पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर आरोपी सरफराज आलम को पानीपत से काबू किया गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने यह बैंक खाता दो हजार रुपये के लालच में एक अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। आगे की जांच में पुलिस ने उसके साथी प्रमोद कुमार निवासी पानीपत को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने साइबर ठगी के अपराध स्वीकार किया। आरोपियों को अदालत में पेश करके उन्हें न्यायिक हिरासत मे भेज दिया गया।

इसके अलावा पुलिस ने वक्फ बोर्ड की भूमि हड़पने की साजिश में शामिल आरोपी अजय कुमार निवासी सिरसा को गिरफ्तार किया है। शहर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला नरेंद्र कौर की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि अजय कुमार पुत्र आनंद ने ढाणी सावनपुरा शाहपुर बेगू स्थित वक्फ बोर्ड की भूमि को अपनी निजी संपत्ति बताकर उन्हें और उनके रिश्तेदारों को कई प्लॉट बेचे और उनसे लगभग चार लाख रुपए वसूल किए। जब पीडि़ता ने खरीदे गए प्लॉटों पर निर्माण कार्य शुरू किया तो अन्य व्यक्तियों ने कब्जे का दावा किया।

संपदा अधिकारी, हरियाणा वक्फ बोर्ड सिरसा द्वारा वर्ष 2011 में ही यह प्रमाणित किया जा चुका था कि उक्त भूमि वक्फ बोर्ड की है और अजय कुमार उसका वैध लीज धारक नहीं था। शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।