औरैया, 22 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तहसील गेट के पास हुए सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल पहुँचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान विद्यानगर बाबरपुर निवासी आशुतोष पुत्र विजय (17 वर्ष), जो अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तथा दूसरी बाइक पर सवार अशोकनगर बाबतपुर निवासी आकाश पुत्र स्वर्गीय प्रेम सिंह (18 वर्ष) और बाबरपुर निवासी दीपक पुत्र अरविंद कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तहसील गेट पर दोनों बाइकों का आमना-सामना हो गया और तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों ने बताया कि तीनों युवकों को सिर व शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है। अजीतमल कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी ने बताया अभी सभी घायलों को समुचित इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है किसी की तरफ से कोई शरीर प्राप्त नहीं हुई है।
