अंबाला में दो बाइकों पर पलटा ट्रक, 4 की मौत:धुंध के कारण हादसा, हाईवे पर लगा कई किमी लंबा जाम

Spread the love

हरियाणा के अंबाला में कोहरे के चलते सोमवार सुबह एक ट्रक पास से गुजर रही दो बाइक पर जा पलटा। हादसे में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई। घटना अबांला से दो किलोमीटर पहले शाहपुर के टांगरी पुल नेशनल हाईवे पर हुई, जिससे रास्ता बिुल्कल बंद हा गया। वहीं सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रक को उठाने का काम शुरू किया। पुलिस के अनुसार, दो शव ट्रक के नीचे दबे मिले, जबकि दो शव ट्रक की साइड में पड़े मिले। हादसे के बाद दिल्ली-अंबाला हाईवे पर करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों वाहन घंटों से फंसे हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ट्रैफिक को डायवर्ट कर सुचारु करने में जुटी है। कैसे हुआ हादसा प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक दिल्ली से चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। घनी धुंध के कारण चालक संतुलन खो बैठा और ट्रक पलट गया। उसी दौरान पास से गुजर रही दो बाइकों पर ट्रक जा गिरा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला। हाईवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।