कुरुक्षेत्र में संगत की ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर:एक श्रद्धालु की कुचले जाने से मौत, 5 घायल, जींद के रहने वाले

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में गंगहेड़ी-नारनौल नेशनल हाईवे-152 D पर संगत को लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें ट्रक का टायर एक श्रद्धालु के ऊपर से निकल गया। एक्सीडेंट में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 लोग जख्मी हो गए। मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह (36) निवासी जयपुर जिला जींद के रूप में हुई। गुरप्रीत सिंह खेती-बाड़ी का काम करता था। ट्रॉली के पिछले हिस्से में बैठे काबुल सिंह उर्फ पग्गा (45), काबुल सिंह (41), आज्ञापाल सिंह (20), अगमजोत सिंह (14) निवासी जयपुर और कुलदीप सिंह (37) निवासी धड़ाना जिला जींद जख्मी हो गए। अलग-अलग गांव की संगत जिला जींद के धड़ाना और जयपुर से ट्रैक्टर-ट्राॅली में संगत सरहिंद (पंजाब) के फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारा में सेवा करने के लिए जा रही थी। इस ट्रैक्टर-ट्रॉली में आसपास के गांव के 14 से ज्यादा लोग सवार थे। संगत गुरुद्वारा साहिब 3 दिन की सेवा के लिए जा रहे थे। नीचे उतरते समय हादसा काबुल सिंह उर्फ पग्गा निवासी जयपुर ने बताया कि ये घटना बुधवार शाम करीब 7 बजे हाईवे 152-डी पर पिहोवा की तरफ उतरते समय घटी। हाईवे से नीचे उतरते समय पीछे से एक लाल-सफेद रंग का ट्रक (HR 58D-0997) तेज रफ्तार से आया और उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। सड़क पर गिरते ही मची चीख-पुकार टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली में बैठे लोग सड़क पर गिर पड़े और चीख पुकार मच गई। गुरप्रीत सिंह के ऊपर से ट्रक का टायर गुजर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ट्रक ड्राइवर ने वाहन थोड़ी दूर रोका, लेकिन घायलों को देखकर मौके से फरार हो गया। एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल राहगीरों की मदद से घायलों को पिहोवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर जश्नदीप सिंह ने गुरप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल उसके साथ-साथ, काबुल सिंह, और कुलदीप सिंह को कुरुक्षेत्र के LNJP अस्पताल रेफर किया गया। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने देर रात ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने थाना सदर पिहोवा में बयान पर ट्रक नंबर के आधार पर केस दर्ज कर लिया। हादसे के बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गुरप्रीत सिंह के शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। ट्राली में बाहर पैर लटकाकर बैठे थे गुरप्रीत सिंह और घायल ट्रॉली से पैर बाहर निकाल कर बैठे थे। ट्रॉली में बैठी संगत ने उनको कई बार पैर अंदर करने के लिए टोका, लेकिन उन्होंने किसी बात नहीं मानी। काबुल सिंह ने बताया कि कंडक्टर साइड से ट्रक ने उनकी ट्रॉली को टक्कर मारी।