पानीपत में नूरवाला अड्डे पर आज रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ड्राइवर ने सड़क किनारे काम मिलने के इंतजार में बैठे मजदूरों पर ट्रक चढ़ा दिया। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। घटना के समय वहां सैकड़ों मजदूर मौजूद थे, जिन्होंने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। ड्राइवर नशे में बताया जा रहा है। मृतक की पहचान मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि आरिफ बेहद गरीब था और आज वह रोजे से था। वह रोज की तरह सुबह नूरवाला अड्डे पर इस उम्मीद में आया था कि कोई काम मिलेगा और वह शाम को बच्चों के लिए इफ्तारी का सामान ले जाएगा। आरिफ अपने पीछे 5 छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मजदूरों का आरोप: नशे में था ड्राइवर प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों ने आरोप लगाया कि ट्रक ड्राइवर शराब के नशे में पूरी तरह धुत था। उसने जानबूझकर ट्रक को मजदूरों की भीड़ की तरफ मोड़ दिया। जैसे ही ट्रक अनियंत्रित होकर चढ़ा, वहां भगदड़ मच गई। आरिफ ट्रक के टायर की चपेट में आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद आरोपी ड्राइवर ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। नूरवाला अड्डे पर सुरक्षा पर उठे सवाल नूरवाला अड्डे पर रोजाना सैकड़ों की संख्या में दिहाड़ी मजदूर काम की तलाश में इकट्ठा होते हैं। मजदूरों ने रोष जताते हुए कहा कि यहां ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है, जिसके कारण आए दिन हादसे का डर बना रहता है। पुलिस की कार्रवाई सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पानीपत के सामान्य अस्पताल के मोर्चरी हाउस में भिजवा दिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पानीपत में ट्रक ने 2 लोगों को रौंदा:5 बच्चों के पिता की मौत, दूसरा घायल, काम के इंताजर में बैठे थे
