करनाल जिले में समाना बाहू के पास नेशनल हाईवे पर रविवार को तेज रफ्तार डंपर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भयानक थी कि डंपर का केबिन आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर व क्लीनर केबिन में ही फंस गए। दोनों को गंभीर चोटें आई। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा क्रेन की मदद से रेस्क्यू कर करीब एक घंटे बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला गया। अचानक ब्रेक लगने से हादसा जानकारी के अनुसार, रविवार को एक डंपर चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जा रहा था। जब वह समाना बाहू के पास पहुंचा, तभी आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रहा डंपर तेज रफ्तार में होने के कारण सीधे ट्रक में जा घुसा। टक्कर के बाद डंपर का केबिन बुरी तरह चकनाचूर हो गया, जिससे ड्राइवर और क्लीनर अंदर ही फंस गए और खुद बाहर नहीं निकल सके। लोगों ने की मदद, केबिन नहीं टूटा हादसा होते देख आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन डंपर का मेटल बेहद हार्ड होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को देखते हुए दो हाइड्रा क्रेन मंगवाई। पुलिस ने एक हाइड्रा क्रेन की मदद से डंपर के केबिन को खींचकर सीधा किया। काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर और क्लीनर को केबिन से बाहर निकाला गया। दोनों को तुरंत एम्बुलेंस के जरिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। राहगीरों ने बताया भयावह मंजर मौके पर राहगीर विकास, योगेंद्र, प्रदीप व अन्य ने बताया कि हादसा बेहद भयानक था। केबिन में फंसे घायलों को निकालना बहुत मुश्किल था। करीब एक घंटे बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका। दोनों की हालत गंभीर है, लेकिन क्लीनर को सबसे ज्यादा चोटें आई हैं। पुलिस ने कब्जे में लिया डंपर
पुलिस का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। क्षतिग्रस्त डंपर को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
करनाल नेशनल हाईवे पर ट्रक और डंपर की टक्कर:ड्राइवर-क्लीनर केबिन में फंसे, क्रेन की मदद से निकाले बाहर; हालत गंभीर
