करनाल के तरावड़ी थाना क्षेत्र के नड़ाना गांव में एक युवक ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था और पत्नी अलग रह रही थी। शनिवार की रात युवक घर पर था। सुबह जब परिजनों को घटना का पता चला तो घर में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्जकर मृतक का पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया। पत्नी से चल रहा था विवाद, अलग रह रही थी
मृतक की पहचान 28 वर्षीय नड़ाना गांव निवासी पूर्ण सिंह के बेटे बलविंद्र सिंह के रूप में हुई है। मृतक की बहन रानी ने बताया कि करीब 10 साल पहले उसके भाई की शादी शाहबाद के त्योड़ी गांव निवासी मोनिका से हुई थी। शादी के बाद उसके तीन बच्चे हुए दो लड़कियां व एक लड़का। शादी के बाद ही उसके भाई को उसकी पत्नी परेशान करने लगी थी। कई बार पत्नी ने उसकी झूठी शिकायत पुलिस को दी। जिसके चलते अब मामला कोर्ट में चल रहा था। 15 दिन पहले आई थी घर
रानी ने बताया कि बलविंद्र की पत्नी मोनिका कोर्ट केस के बाद 15 दिन पहले घर पर आई थी और दो दिन पहले झगड़ा करके तीनों बच्चों के साथ घर के सारा सामान लेकर चली गई। जिसके चलते बलविंद्र काफी परेशान चल रहा था। इसी के चलते बलविंद्र ने यह कदम उठाया। रात में कपड़े से बनाया फंदा, पंखे से लटका मिला शव
शनिवार रात के समय बलविंद्र ने कपड़े का फंदा बनाया और कमरे में लगे पंखे से फांसी लगा ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब परिजनों ने उसे पंखे से लटका हुआ देखा तो पूरे घर में हाहाकार मच गया। परिजनों को इस तरह की किसी घटना की आशंका नहीं थी। रोते-बिलखते परिजनों को संभालना मुश्किल हो गया। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम पहुंची
आज सुबह घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। इसके बाद तरावड़ी थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस जुटी जांच में
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। तरावड़ी थान के जांच अधिकारी कर्मबीर ने बताया कि दोपहर बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों के हवाले कर दिया। परिजनों ने मृतक की पत्नी मोनिका पर प्रताड़ना के आरोप लगाए है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करनाल में बीवी से परेशान युवक ने की आत्महत्या:पत्नी 15 दिन पहले मायके से आई; 2 दिन पहले बच्चों को ले गई
