हरियाणा के नूंह जिले के आकेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित ब्लैकमेलिंग से परेशान एक नाबालिग लड़की ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर थाना आकेड़ा पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में मृतका के पिता ने बताया कि गांव के ही इरशाद उर्फ राशिद, मुबीन, हासम, काजम, गुल्लू, वकील, शौकीन और संजान उनकी बेटी का कथित रूप से अश्लील वीडियो बनाकर उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे। वीडियो वायरल करने की दी जा रही थी धमकी परिजनों का आरोप है कि आरोपियों द्वारा वीडियो वायरल करने की धमकी दी जा रही थी, जिससे किशोरी मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। इसी दबाव के चलते लड़की ने शुक्रवार को जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जांच अधिकारी नरबीर ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नूंह में ब्लैकमेलिंग से परेशान नाबालिग लड़की ने किया सुसाइड:अश्लील वीडियो बनाई, वायरल करने की धमकी से तनाव में, 8 के खिलाफ केस
