नूंह में पुलिस पर हमला करने पर 30 पर FIR:ATM लूट के आरोपी छुड़ाने की कोशिश की; मेघालय पुलिस की हिरासत में था

Spread the love

नूंह के पिनंगवा थाना क्षेत्र में मेघालय पुलिस की टीम पर हमला कर एटीएम लूट के आरोपी को छुड़ाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने आज 12 नामजद आरोपियों सहित करीब 30 अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई मंगलवार शाम हुई उस घटना के बाद की गई है, जिसमें भीड़ द्वारा पुलिस टीम पर हमला करने के बाद जवाबी फायरिंग में एक युवक घायल हो गया था। नूंह के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष यादव ने बताया कि मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अर्किडालांग वाहलांग की टीम एटीएम लूट के आरोपी राहुल खान निवासी वाजीदपुर (पिनंगवा) को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मेघालय जा रही थी। मंगलवार शाम जब पुलिस टीम गांव सिकरावा के पास एचआर-93 डोंगा होटल के नजदीक पहुंची, तो आरोपी राहुल ने वाहन रुकवाने की जिद की और अचानक गाड़ी की स्टेयरिंग पकड़कर वाहन पलटाने की कोशिश की। भीड़ ने किया हमला, पुलिस ने की जवाबी फायरिंग पुलिस के अनुसार, इसी दौरान करीब 20-30 लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठी हो गई, जिनमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं। भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि कुछ लोगों ने गाड़ी की चाबी और पुलिसकर्मियों के हथियार छीनने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए फायरिंग की। युवक के पैर में लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस फायरिंग के दौरान सिकरावा निवासी तारीफ खान के पैर में गोली लग गई। उसे तुरंत इलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पिनंगवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से दो खाली कारतूस, खून के नमूने और खून से सनी पैंट बरामद की गई। एफएसएल और जांच टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। 12 नामजद सहित कई अन्य पर केस दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने नसीम, फारूख, मैमुना, सहरुनी, मुस्तकीम, साहिद, खुद्दी, खालिद, भुप्पत, जफर, तारीफ खान और आरोपी राहुल सहित कई अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल खान पहले भी एटीएम काटने की कई वारदातों में वांछित रहा है। उस पर दिल्ली और मेघालय में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।