फतेहाबाद में ट्रेजरी क्लर्क रिश्वत लेता पकड़ा:दवाइयों के बिल पास करने के मांगे रुपए, एंटी करप्शन ब्यूरो ने किया ट्रैप

Spread the love

फतेहाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने ट्रेजरी विभाग के एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क पर दवाइयों के बिल पास करने के बदले 3 हजार रुपए की रिश्वत मांगने का आरोप है। ACB की टीम ने बुधवार को लघु सचिवालय परिसर में ट्रैप लगाकर आरोपी को 3 हजार रुपए लेते हुए काबू किया। जानकारी के अनुसार जवाहर चौक स्थित पशु अस्पताल में कार्यरत वीएलडीए (वेटरनरी लाइवस्टॉक डेवलपमेंट असिस्टेंट) सुनील बिश्नोई ने करीब 49 हजार रुपए की दवाइयों की खरीद की थी। नियमानुसार इन दवाइयों के बिल ट्रेजरी विभाग में पास होने के लिए भेजे गए थे। आरोप है कि ट्रेजरी में तैनात क्लर्क बिल पास करने की बजाय उन्हें लगातार अटकाता रहा। बिल पास करने के मांगे 3 हजार रुपए जब वीएलडीए सुनील बिश्नोई ने क्लर्क हीरालाल से इस बारे में बातचीत की तो उसने बिल पास करने के बदले 3 हजार रुपए की रिश्वत की मांग कर दी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर सुनील बिश्नोई ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। क्लर्क को रंगे हाथों किया गिरफ्तार शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने मामले की जांच की और ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम देकर ट्रेजरी क्लर्क के पास भेजा गया। जैसे ही क्लर्क ने रिश्वत की राशि ली, ACB की टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। पूछताछ कर रही ACB की टीम कार्रवाई के बाद ACB की टीम आरोपी क्लर्क से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।