महराजगंज उपार्जन केंद्र में धान बेचने पहुंचे ग्राम खजुरी के किसान सतीश गुप्ता बताते हैं कि, इस वर्ष धान खरीद की प्रक्रिया काफी सरल और सुविधाजनक है। ऑनलाइन टोकन प्रणाली से उन्हें अनावश्यक प्रतीक्षा से मुक्ति मिली है और तय तारीख एवं समय पर केंद्र पहुंचकर वे आसानी से धान की तौल करवा पा रहे हैं।
सतीश गुप्ता ने बताया कि वे पहले टोकन के तहत आज 200 बोरी धान लेकर आए हैं, जबकि आगामी दिनों में 275 बोरी और बेचने की योजना है। पिछले वर्ष उन्होंने 400 बोरी धान बेचा था, लेकिन इस वर्ष बेहतर उत्पादन के चलते उनकी उपज में 75 बोरी की वृद्धि हुई है। वे बताते हैं कि पिछली बार समय पर भुगतान से उन्हें खेती-किसानी के कार्यों में काफी सहूलियत मिली। उसी आय से उन्होंने ट्रैक्टर भी खरीदा, जिससे खेती की लागत घटी और उत्पादकता बढ़ी।
सतीश बताते हैं कि धान बेचकर प्राप्त आय का उपयोग वे कृषि कार्यों, खाद-बीज की खरीद और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में करते हैं। किसान क्रेडिट कार्ड योजना से समय-समय पर मिलने वाले लाभ ने भी उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है।
धान उपार्जन केंद्र की व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए वे कहते हैं कि, केंद्र में प्रबंधन उत्कृष्ट है, कर्मचारियों का सहयोग मिलता है और शासन की पारदर्शी प्रणाली से हमें हमारी मेहनत का पूरा मूल्य मिल रहा है।
सतीश की तरह अन्य किसानों ने भी इस वर्ष की खरीद व्यवस्था को सुगम और पारदर्शी बताया है। त्वरित तौल, सटीक मापन, ऑनलाइन प्रणाली, बेहतर व्यवस्थापन और अधिकारियों की सतत निगरानी से किसानों का भरोसा बढ़ा है और खरीदी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सरल हुई है।
