जानकारी के अनुसार हादसा बिलहरी में शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रशांत नायक (28) अपने दोस्त विकास तिवारी (26), अभिषेक चौरसिया (26) और अमन ताम्रकार (26) के साथ कार से कटनी से अपने घर बिलहरी लौट रहे थे। कार विकास चला रहा था। तेज रफ्तार के कारण विकास ने कार पर से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार पहले सड़क किनारे खड़े एक ऑटो रिक्शा से टकराई और फिर लक्ष्मण सागर तालाब में जा गिरी। प्रशांत नायक और विकास तिवारी कार बाहर नहीं निकल पाए और तालाब में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अभिषेक चौरसिया और अमन ताम्रकार किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे और तैरकर अपनी जान बचाई। उन्होंने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और स्थानीय लोगों को दी।
घटना की सूचना मिलते ही बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पांडे अपने स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अंधेरे में ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला गया। हादसे में युवाओं की असमय मौत से पूरे बिलहरी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक प्रशांत और विकास दोनों ही गांव के सामाजिक रूप से सक्रिय और हंसमुख स्वभाव के बताए जा रहे हैं। मृतक प्रशांत नायक, भाजपा के युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष थे। 5 साल से राजनीति में सक्रिय थे। परिवार का टेंट का बिजनेस है। जबकि मृतक विकास तिवारी, पुणे में एक मल्टीनेशनल प्राइवेट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत था। विकास के पिता पुराने समय के जमींदार भी माने जाते हैं। रविवार सुबह से ही परिजनों और ग्रामीणों का रुदन माहौल को गमगीन बना रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि तेज रफ्तार और रात का अंधेरा हादसे की बड़ी वजह हो सकते हैं।
चौकी प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। कार के अंदर फंसे प्रशांत नायक और विकास तिवारी मृत पाए गए। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया है।
