व्यापारी पर हमला, गोली चलाकर की लूटपाट

Spread the love

शहर के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित कृषि बाजार मंडी परिसर में रविवार शाम स्थानीय व्यापारी श्याम भीमसरिया पर तीन अज्ञात अपराधियों ने हमला कर दिया। अपराधियों ने व्यापारी के साथ मारपीट की और गोली चलाकर दहशत फैला दी। घटना के बाद घायल व्यापारी को आनन – फानन में जालान अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, श्याम भीमसरिया मंडी परिसर में अपनी रिफाइन की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोककर लूटपाट का प्रयास किया। विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया और कई राउंड फायरिंग की। हालांकि गोली व्यापारी को नहीं लगी, लेकिन बदमाशों ने बंदूक की नोक से उनके सिर और कान के पास वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मौके पर मौजूद अन्य व्यापारियों ने घायल श्याम को तत्काल जालान अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

व्यापारी समुदाय में इस घटना के बाद भारी आक्रोश है। मंडी परिसर के कई व्यापारियों ने कहा कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जबकि पुलिस सुरक्षा के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं।

व्यापारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि श्याम भीमसरिया रोज की तरह दुकान बंद कर घर जा रहे थे। तभी तीन की संख्या में अपराधियों ने घात लगाकर उनपर हमला कर दिया। गोली भी चलाई जो किस्मत से उन्हें नहीं लगी, लेकिन अपराधियों ने बंदूक की बट से वार कर घायल कर दिया, जिससे सिर पर गंभीर चोट आई है।

वहीं एक अन्य व्यापारी ने बताया कि हम लोग चेंबर के कार्यक्रम से लौट ही रहे थे कि खबर आई कि मंडी में छिनतई हुई है और गोली चली है। यह बेहद चिंताजनक है।

इधर व्यापारी संघ ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने एक ही शब्द कहा, “अपराधी बख्शे नही जाएंगे।”