पलवल जिले में मंगलवार को पलवल-जनौली के बीच रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य करते समय एक ट्रैकमैन की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घना कोहरा होने के कारण ट्रैकमैन ट्रेन को देख नहीं पाया, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी सूरज प्रसाद (45) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ पलवल के कैलाश नगर में रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घने कोहरे में नहीं दिखाई दी ट्रेन जीआरपी के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि पलवल-जनौली रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे लाइन पर काम करते समय एक ट्रैकमैन की मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुबह घना कोहरा होने के कारण सूरज प्रसाद को ट्रेन दिखाई नहीं दी और वह उसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर मृतक के परिजन जीआरपी चौकी पहुंचे, जहां से वे जिला नागरिक अस्पताल गए और शव की पहचान सूरज प्रसाद के रूप में की। जीआरपी ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पलवल में ट्रेन की चपेट में आया ट्रैकमैन, मौत:धुंध के कारण हुआ हादसा, रेलवे ट्रैक पर मरम्मत कार्य कर रहा था
