यमुनानगर में हुए चर्चित राजीव हत्याकांड में पुलिस जांच लगातार आगे बढ़ रही है। इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी अमित के पुलिस रिमांड का आज आखिरी दिन है। रिमांड के दौरान पुलिस ने वारदात से जुड़े अहम सबूत बरामद किए हैं, जिनमें हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी, मोबाइल फोन और ग्लू (फेविकॉल) की शीशी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन बरामद सामानों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि मामले में और पुख्ता साक्ष्य जुटाए जा सकें। रिमांड के दौरान किए गए अहम खुलासे जांच के दौरान आरोपी अमित ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी प्रेमिका स्नेहा के साथ मिलकर राजीव की हत्या की साजिश रची थी। योजना के तहत स्नेहा द्वारा राजीव को घुमाने के बहाने आदिबद्री की तरफ ले जाया गया और बाद में उसे सुनसान इलाके में ले जाकर हत्या कर दी गई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले राजीव को नशीला पदार्थ दिया और जब वह बेसुध हो गया तो रस्सी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छिपाने और मौत सुनिश्चित करने के लिए उसके मुंह में ग्लू डालकर चुन्नी ठूंस दी गई। रेलवे ट्रैक के पास फेंका गया था शव हत्या के बाद आरोपी ने राजीव के शव को तीर्थ नगर टपरी क्षेत्र में शमशान घाट के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक जंगल में फेंक दिया था। 1 मार्च को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था। जांच के दौरान मृतक की पहचान शंकरपुरी कॉलोनी, छोटी लाइन जगाधरी निवासी 21 वर्षीय राजीव के रूप में हुई, जो 27 फरवरी से लापता था। मामले की जांच में पुलिस ने कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजीव की गर्लफ्रेंड स्नेहा और उसके पूर्व प्रेमी अमित को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश रचने की बात कबूल कर ली। अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी सीआईए-2 के इंचार्ज राकेश ने बताया कि स्नेहा को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है जबकि आरोपी अमित के रिमांड का आज अंतिम दिन है। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं पुलिस इस हत्याकांड में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की भी जांच कर रही है।
यमुनानगर राजीव हत्याकांड, आरोपी के रिमांड का आज आखिरी दिन:पुलिस ने बरामद की रस्सी, मोबाइल और ग्लू की शीशी, जांच जारी
