हरियाणा में बजट सेशन का आज चौथा दिन है। सदन की कार्यवाही सुबह 11.00 बजे से शुरू होगी। प्रश्नकाल के साथ सदन की कार्यवाही की शुरुआत होगी। प्रश्नकाल में सत्तापक्ष और विपक्ष के विधायकों ने सरकार से 20 सवालों के जवाब मांगे हैं। कांग्रेस विधायकों ने सड़कों के गड्ढों को राइट टू सर्विस में शामिल करने को सवाल पूछे हैं। इसके अलावा कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने सूबे के खिलाड़ियों के पेडिंग पेमेंट को लेकर सवाल लगाया है। सदन में PHC और CHC में खाली पदों का मुद्दा गूंजेगा। दोपहर बाद कांग्रेस सदन में कांग्रेस के द्वारा कार्य स्थन प्रस्ताव पर चर्चा होगी। कांग्रेस ने हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (HSSC) हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) में भर्ती को लेकर सवाल उठाए हैं। इस पर दोपहर 3 बजे से सदन में दो घंटे चर्चा होगी। इस दौरान हंगामा होने के आसार हैं। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से सुबह विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया गया है। यहां पढ़िए किस विधायक ने क्या पूछे हैं सवाल… बीजेपी विधायक सुनील सतपाल सांगवान (दादरी) ने सशस्त्र बल तैयारी संस्थान की स्थापना को लेकर सवाल लगाया है। उन्होंने पूछा है कि बजट सत्र 2024-25 में मुख्यमंत्री द्वारा चरखी दादरी स्थित किसान मॉडल स्कूल की खाली इमारत में सशस्त्र बल तैयारी संस्थान स्थापित करने की घोषणा की गई थी, इसका क्या स्टेटस है। मुलाना से कांग्रेस विधायक पूजा ने हरियाणा राइट टू सर्विस एक्ट में गड्ढों की मरम्मत को लेकर सवाल लगाया है। भगवान दास (नीलखेड़ी) से विधायक ने जलभराव की समस्या को लेकर सरकार से सवाल पूछा है। कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया (सिरसा) ने सदन में नशे का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने सदन में प्रश्नकाल के दौरान सिरसा में नशे की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर सरकार से सवाल पूछा है। बीजेपी विधायक मनमोहन भड़ाना ने सूबे में प्राइवेट स्कूलों में EWS सीटों के नियम, खेतों से जल निकासी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार से पूछे हैं। रणधीर पनिहार (नलवा) ने खेतों से जल निकासी का सवाल पूछा है। सतीश कुमार फागणा (फरीदाबाद NIT) ने एलिवेटेड फ्लाईओवर को लेकर सरकार से सवाल पूछा है। विकास सहारण (कलायत), विनेश फोगाट (जुलाना) सदन में चौथे दिन की कार्यवाही के दौरान खिलाड़ियों को लंबित भुगतान का मुद्दा उठाएंगे। उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान सदन में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम से लंबित भुगतान की समय-सीमा तय करने का प्रस्ताव पूछा है। अब यहां पढ़िए तीसरे दिन की कार्यवाही के बड़े मुद्दे… बुढ़ापा पेंशन पर हंगामा, मंत्री बोले- तसल्ली बैठानी पड़ेगी
बजट सत्र की शुरुआत में कालांवाली से कांग्रेस विधायक शीशपाल केहरवाला ने पूछा कि कितने लोगों की वृद्धावस्था पेंशन वेरिफाई कराने के नाम पर रोकी गई? इसका मंत्री कृष्ण बेदी ने जवाब दिया कि बुढ़ापा पेंशन में डेथ केस की वजह से 78 हजार पेंशन कटी हैं। अपात्रता पाए जाने पर 5 हजार से ज्यादा पेंशन कटी है। बहुत सी विधवा अब बुढ़ापा पेंशन में कनवर्ट हुई हैं। विधायक ने टोकते हुए कहा- इतना टाइम वेस्ट करने की जरूरत नहीं। सिर्फ यह बताएं कि कितनी पेंशन वेरिफिकेशन के नाम पर रोकी हैं। इस पर बेदी बोले-तसल्ली तो बैठानी पड़ेगी। इसके बाद CM नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष ने बुजुर्गों के बीच अफवाह फैलाकर पाप किया है। कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने सीएम को जवाब देने की कोशिश की तो स्पीकर उन्हें रोक दिया। विनेश मंत्री से बोलीं- तालाब पार करके दिखाओ
जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट की खेल मंत्री गौरव गौतम से गांव रामराम में स्वीमिंग पूल को लेकर बहस हुई। विनेश ने पूछा- क्या गांव रामराय में स्विमिंग पूल के लिए दो एकड़ भूमि दान दी गई थी। क्या वहां स्विमिंग पूल निर्माण का कोई प्रस्ताव विचाराधीन है। यदि नहीं, तो उसके क्या कारण हैं? मंत्री गौरव गौतम ने जवाब दिया- पूल का निर्माण का प्रस्ताव नहीं है। यह व्यवहारिक नहीं है। विनेश ने कहा- आप बताएं व्यवहारिक क्यों नहीं है। यहां रोज 250-300 बच्चे प्रैक्टिस करते हैं। बच्चे तालाब में प्रैक्टिस कर रहे हैं। उन्हें एलर्जी हो रही है। मंत्री जी आप मेरे साथ चलें-एक बार तैर कर तालाब पार करें। मैं कहती हैं-यदि मंत्री को अस्पताल में भर्ती न होना पड़े तो मैं दावा छोड़ दूंगी। CM सैनी बोले- मेरे पास घोटालों की फाइल
सदन में IDFC फर्स्ट बैंक के घोटाले का मामला भी उठा। CM नायब सिंह सैनी ने कहा कि सम्मूर्ण राशि हमारे खातों में जमा हो गई है। 556 करोड़ रुपए मूल और 22 करोड़ रुपए ब्याज का भी आ गया है। हमने 24 घंटे के भीतर रिकवरी कर ली है। ये पूरा मामला चंडीगढ़ बैंक की शाखा के लोअर क्लास के कर्मचारियों ने मिलीभगत करके अंजाम दिया। इसी दौरान सीएम सैनी ने कांग्रेस को भी घेरा। कहा कि हमारी सरकार एक-एक पाई का हिसाब रखती है। पहले की सरकारों में तो घोटालों की फाइलों को भी दबा दिया जाता था। मेरे पास कई फाइलें हैं। सीएम के इस बयान को लेकर कांग्रेस के विधायकों ने हंगामा किया। सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस ने निकाला पैदल मार्च
विधानसभा की तीसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सुबह 10 बजे पेंशन, नौकरी समेत अन्य मांगों को लेकर कांग्रेस विधायकों ने एमएलए हॉस्टल से विधानसभा तक पैदल मार्च निकाला। इस मार्च का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किया। कांग्रेसी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। कांग्रेसी अपने हाथों में विभिन्न मांगों के पोस्टर भी लिए हुए थे।
हरियाणा बजट सेशन का आज चौथा दिन:HPSC-HSSC पर कांग्रेस का कार्य स्थगन प्रस्ताव; हंगामे के आसार, विधानसभा का घेराव भी करेगी
