पानीपत शहर के औद्योगिक क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी ने अपनी लंबी बीमारी से परेशान होकर मौत को गले लगा लिया। परिवार में जहां बड़ी बहन की शादी की तैयारियाँ चल रही थीं, वहीं छोटी बेटी के इस कदम ने पूरे परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। मृतका की पहचान कोमल (16 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से शाहजहांपुर (यूपी) की रहने वाली थी। कोमल का परिवार पिछले काफी समय से पानीपत में रहकर मजदूरी करता था। कोमल अपने माता-पिता की पांच बेटियों में सबसे छोटी थी। उससे उसके दो छोटे भाई हैं। 20 अप्रैल को होनी थी बहन की शादी परिजनों ने बताया कि कोमल पिछले काफी समय से लगातार बुखार और अन्य शारीरिक समस्याओं से ग्रस्त थी। काफी इलाज कराने के बावजूद भी उसकी सेहत में सुधार नहीं हो रहा था। इस वजह से वह मानसिक रूप से टूट चुकी थी। कोमल की बड़ी बहन शिवानी की शादी 20 अप्रैल को तय है। पूरा परिवार खुश था। 30 मार्च को सभी को शादी की तैयारियों के लिए अपने पैतृक गांव जाना था। लंच पर आई बड़ी बहन ने देखा घटना के वक्त कोमल कमरे में अकेली थी। दोपहर के समय जब उसकी बड़ी बहन शिवानी फैक्ट्री से लंच करने के लिए क्वार्टर पर आई, तो उसने कोमल को पंखे के फंदे से लटका हुआ पाया। शिवानी ने शोर मचाया और आनन-फानन में उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक कोमल की जान जा चुकी थी। पुलिस जांच जारी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने इसे बीमारी से तंग आकर की गई आत्महत्या माना है। एक तरफ जहां घर में शादी के गीत गूंजने वाले थे, वहीं अब कोमल की मौत के बाद कोहराम मचा हुआ है।
पानीपत में बीमारी से तंग आकर किशोरी ने किया सुसाइड:बड़ी बहन की शादी की तैयारी चल रही थी; मातम में बदली खुशी
