देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को हत्या के तीन मामले सामने आए। पहली घटना कनॉट प्लेस की है, जहां रात में एक पार्टी में गए 36 साल के बिजनेसमैन की तीन फूड डिलीवरी राइडर्स ने हेलमेट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दिल्ली के गुलाबी बाग में एक 17 साल के लड़के ने एक रेलवे कर्मचारी पर गैस सिलेंडर से हमला किया और फिर उसका गला काट दिया। नाबालिग लड़के के मुताबिक, रेलवे कर्मी ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की थी। वहीं, तीसरी घटना दिल्ली के पांडव नगर इलाके की है। यहां तीन नाबालिगों ने एक 22 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक युवक पर आरोप है कि उसने एक नाबालिग पर हमला किया था। अब तीनों घटना सिलसिलेवार पढ़िए… 1. पानी मांगने पर डिलीवरी राइडर्स ने हेलमेट से पीटा दिल्ली पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी नगर इलाके के रहने वाले बिजनेसमैन शिवम गुप्ता 2 जनवरी की रात एक दोस्त के साथ पार्टी में शामिल होने कनॉट प्लेस गए थे। पार्टी से निकलने के बाद राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के पास उसने एक फूड डिलीवरी एजेंट से पानी मांगा। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि डिलीवरी एजेंट ने गुस्से में शिवम के सिर पर हेलमेट से वार किया। उसके दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंचे और शिवम को लात-घूंसे मारे। मारपीट में वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। 3 जनवरी की सुबह करीब 1:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति सड़क पर खून से लथपथ बेहोश पड़ा है। पुलिस ने उसे पास के लोक नायक जय प्रकाश हॉस्पिटल पहुंचाया। शिवम को 4 जनवरी को राम मनोहर लोहिया हॉस्पिटल रेफर किया गया। 5 जनवरी को उसकी सर्जरी हुई। हालांकि, 19 जनवरी को शिवम की मौत हो गई। शिवम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार ने दोस्त की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं, जो मौके पर मौजूद था लेकिन परिजनों को तुरंत सूचना नहीं दी। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना सामान जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए हैं। शुरुआती तौर पर मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 (गैर-इरादतन हत्या) और धारा 3(5) (सामान्य उद्देश्य) में दर्ज किया गया है। अब पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया और मामले की जानकारी दी है। 2. यौन उत्पीड़न की कोशिश करने पर रेलवे कर्मचारी की हत्या दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 25 जनवरी से रेलवे कर्मी, संदीप कुमार मालवीय (39) लापता थे। संदीप अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। 27 जनवरी को एक दोस्त ने उनके परिवार को बताया कि उनकी मोटरसाइकिल आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी है, जिसके बाद पहाड़गंज पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। 2 फरवरी को परिवार को पता चला कि संदीप ने सब्जी मंडी स्थित रेलवे कॉलोनी में एक कमरा किराए पर लिया था, जहां वह कभी-कभी दोस्तों के साथ जाते थे। कमरे का ताला टूटा हुआ था और अंदर शव मिला। पुलिस ने बताया कि शव अर्धनग्न अवस्था में था और उस पर सामान बिखरा हुआ था। गर्दन और छाती पर चोट के निशान थे और चेहरा सड़ चुका था। पुलिस ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज में संदीप एक लड़के के साथ ऑटो-रिक्शा में जाता हुआ दिखाई दिया। जांच में पता चला कि उनके यूपीआई खाते से एक रुपए का लेनदेन किया गया था। जिस अकाउंट में पैसे भेजे गए, वह एक नाबालिग का था। इसके बाद सीसीटीवी में दिखे नाबालिग को पुलिस ने गाजियाबाद से 3 फरवरी की सुबह मंदिर मार्ग इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान लड़के ने बताया कि 25 और 26 जनवरी की दरमियानी रात को वह पहाड़गंज के एक बार के पास रेलवे टेक्नीशियन से मिला था। नाबालिग ने पुलिस को यह भी बताया कि उसने संदीप से पैसे मांगे, जिसके बाद संदीप उसे किराए के कमरे में ले गया। उसने नाबालिग से यौन संबंध बनाने की मांग की। इसके कारण नाबालिग ने संदीप के सिर पर सिलेंडर से वार किया। फिर कांच के टुकड़े से संदीप का गला काट दिया। 3. तीन नाबालिगों ने युवक पर चाकू से हमला किया इधर, दिल्ली के पांडव नगर इलाके में मंगलवार को तीन नाबालिगों ने एक 22 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि मृतक युवक ने दिन में एक नाबालिग पर हमला किया था। अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना सोमवार रात करीब 8.15 बजे पीसीआर कॉल से मिली। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले घायल को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया जा चुका था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान अरुण राज के रूप में हुई है और प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर कई जगह चाकू के घाव मिले हैं। पुलिस की एक टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिससे संदिग्धों की पहचान हुई। इसके बाद दिल्ली के अलग-अलग से तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना पुरानी दुश्मनी के कारण हुई। ——————————– दिल्ली की ये खबरें भी पढ़ें… दिल्ली पुलिस की लेडी कमांडो की डंबल मारकर हत्या: 5 माह की प्रेग्नेंट, सोनीपत में साले को फोन कर कहा- मेरे से यह मर गई रेखा गुप्ता अटैक केस, कोर्ट बोला- सीएम आसान शिकार लगीं: पहली नजर में ये हत्या के प्रयास का मामला; दोनों आरोपियों पर आरोप तय
दिल्ली में तीन मर्डर:कनॉट प्लेस में हेलमेट से पीट-पीटकर बिजनेसमैन की हत्या; रेलवे कर्मी का गला काटा; 3 नाबालिगों ने शख्स को चाकू मारा
