मेरठ में शुक्रवार देर शाम शराब पीने के बाद किराना कारोबारी समेत तीन की मौत हो गई। तीनों ने एक सरकारी ठेके से देशी शराब खरीदी थी। वहीं पर तीनों साथ में पी रहे थे। तभी उन्हें उल्टी और पेट में दर्द होने लगा। आनन फानन में तीनों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान बारी-बारी से तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना दौराला थाना क्षेत्र की है। एक साथ तीन मौतों से लोग आक्रोशित हो गए। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलते ही डीएम डा. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय और जिला आबकारी अधिकारी प्रदीप कुमार अपनी टीम के साथ हॉस्पिटल पहुंचे। फिर शराब की दुकान पर गए। सेल्समैन समेत दो को हिरासत में लिया गया है। देखें 2 तस्वीरें…. अब पढ़िए पूरा मामला शराब पीने के बाद उल्टी-पेट में दर्द, फिर बेहोश हुए सभी
सरस्वती कॉलोनी में रहने वाले बाबूराम (60 साल) किराना व्यापारी थे। उनका तेल का भी बिजनेस है। बाबूराम की दुकान में जितेंद्र (45 साल) और अंकित उर्फ दौलत (32 साल) काम करते थे। जितेंद्र वार्ड संख्या 12 के दयानंदपुरी का रहने वाला था। जबकि, अंकित उर्फ दौलत सरस्वती कॉलोनी में रहता था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे बाबूराम ने जितेंद्र और अंकित के कस्बे के देशी शराब ठेके के पास शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनकी हालत बिगड़ने लगी। तीनों को बदहवास देख वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। लोगों ने एक-दूसरे की मदद से उन्हें पास के आर्यावर्त अस्पताल पहुंचाया, जहां जितेंद्र और अंकित को मृत घोषित किया गया। बाबूराम की हालत गंभीर थी। उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया। लेकिन थोड़ी देर बाद उनकी भी मौत हो गई। शराब जब्त, सेल्समैन हिरासत में
सूचना मिलते ही डीएम-एसएसपी मौके पर पहुंचे। आबकारी की टीम ने तत्काल उस दुकान पर छापा मारा, जहां से शराब खरीदी गई थी। मौके से खाली टेटरा पैक कब्जे में लिए गए हैं। दुकान से भी पेटियां पुलिस ने जब्त की हैं। दुकान के सेल्समैन समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। आर्यावर्त अस्पताल के ईएमओ डॉ. प्रफुल्ल चौहान ने बताया, शुरुआती लक्षणों के मुताबिक तीनों की मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। कार्रवाई की मांग कर अड़ा परिवार
जितेंद्र के पिता राजपाल ने शराब विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया, उनका बेटा कई सालों से किराना व्यापारी बाबूराम की दुकान पर काम करता था। वहीं, बाबूराम के बेटे सचिन ने बताया- मेरे पिता अक्सर दुकान में काम करने वाले मजदूर जितेंद्र और दौलत के साथ शराब पीते थे। सचिन ने थाने में शराब विक्रेता के खिलाफ शिकायत करते हुए सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी सुमन कुमार सिंह ने बताया, शराब ठेके का मालिक जगपाल है। देर रात रिया स्पेलर पहुंचे एडीजी तीन लोगों की मौत की सूचना मिलने के बाद देर रात एडीजी मेरठ जोन भानु भास्कर भी दौराला पहुंच गए। उन्होंने बाबूराम की रिया स्पेलर व आटा चक्की का निरीक्षण किया। एडीजी ने इस दौरान शराब के वह टेटरा पैक भी देखे, जिनके पीने के बाद तीनों लोगों की तबियत खराब हुई और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। एसएसपी बोले- शराब से मौत की पुष्टि नहीं
डीएम और एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों से बात की। एसएसपी अविनाश पांडेय का कहना है कि तीनों व्यक्तियों ने जो शराब पी है, उसकी 9 पेटी बिकी हैं। कहीं और से किसी की तबीयत बिगड़ने की शिकायत नहीं आई है। फिलहाल सभी शराब जब्त कर ली गई है। आबकारी की टीम जांच कर रिपोर्ट देगी, उसके बाद कुछ कहा जा सकेगा। अब भास्कर के सबसे बड़े सर्वे में हिस्सा लीजिए… यूपी में विधायकों के 4 साल पूरे हो चुके हैं। क्या आपके मौजूदा विधायक को 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट मिलना चाहिए? भास्कर सर्वे में हिस्सा लेकर बताइए… ————————— ये खबर भी पढ़िए- आगरा के न्यूड वीडियो कांड के लड़के-लड़कियां आपस में दोस्त, सभी की उम्र 14 से 17 साल के बीच आगरा का खंदौली इलाका 31 मार्च को अचानक चर्चा में आ गया। वजह- 48 अश्लील वीडियो का एक साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो जाना था। इन वीडियो में 3 लड़के और 2 लड़कियां दिख रही थीं। सभी की उम्र 14 से 17 साल के बीच थी। ये वीडियो उस वक्त वायरल हुए, जब इलाके में ऐतिहासिक श्रीराम मेला चल रहा है। इससे इलाके में तनाव फैल गया। पढ़ें पूरी खबर
मेरठ में शराब पीने से कारोबारी समेत तीन की मौत:परिजनों का अस्पताल में हंगामा, सरकारी ठेके से खरीदी थी
