नारनौंद में बाइक से गिरे 3 दोस्त, एक की मौत:नेशनल हाईवे पर कुत्ता सामने आने से बिगड़ा संतुलन; मृतक अल्मोड़ा का

Spread the love

हांसी जिले में हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गांव गढ़ी के पास शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब बाइक के आगे अचानक कुत्ता आ जाने से चालक संतुलन खो बैठा और तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े। मृतक की पहचान हिसार के जवाहर नगर निवासी नीरज के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के आरा तहसील बनौली का रहने वाला था। पुलिस को दिए बयान में उसके दोस्त लोकराज निवासी मिनी सचिवालय कॉलोनी, हिसार ने बताया कि 27 फरवरी की रात नीरज उसके घर आया था। इसी दौरान नीरज के भतीजे दीपक का फोन महम (रोहतक) से आया। फोन पर बात करने के बाद दोनों दीपक से मिलने के लिए लोकराज की मोटरसाइकिल पर महम के लिए रवाना हुए। रास्ते में फव्वारा चौक के पास टैक्सी स्टैंड से उन्होंने रामराज उर्फ गोलू निवासी विश्नोई कॉलोनी, हिसार को भी साथ ले लिया। जब वे बास थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी के पास पहुंचे, तो अचानक बाइक के आगे एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिर पड़े। एंबुलेंस न मिलने से बढ़ी मुश्किलें इस हादसे में नीरज के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया, जबकि लोकराज और रामराज को भी चोटें आईं। घायलों ने डायल-112 और एंबुलेंस पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। बाद में एक राहगीर की मदद से एंबुलेंस बुलाई गई और नीरज को सिविल अस्पताल हांसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में हादसा इत्तेफाकिया पुलिस चौकी सोरखी के हेड कांस्टेबल सतीश ने बताया कि इस मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है। प्रारंभिक जांच में हादसा इत्तेफाकिया पाया गया है और किसी की लापरवाही सामने नहीं आई है। मृतक के शव का अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।