हरियाणा में के 13 जिलों में आज कोहरा छाएगा:राजस्थान बॉर्डर से लगे जिलों में शीतलहर चलेगी; धूप निकलने के आसार

Spread the love

हरियाणा में सर्दी और कोहरे का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 10 जनवरी के लिए प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे और शीतलहर (कोल्ड डे) का अलर्ट जारी किया है। सुबह और रात के समय दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग ने अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, यमुनानगर, कैथल, जींद, रोहतक, फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, नूंह जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राजस्थान से सटे हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, सिरसा, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में शीतलहर चलेगी। इससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखी जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार ठंड से 13 जनवरी तक राहत की उम्मीद है। वहीं शुक्रवार को सुबह 11 बजे के बाद 2 से 3 घंटे हल्की धूप खिली जिसके कारण वीरवार की अपेक्षा शुक्रवार को अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिली। औसत न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री गिरा
प्रदेश में सर्दी का असर अभी कम नहीं हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरसा में 4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिसार में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री, करनाल में 4.8 डिग्री, नारनौल में 4.5 डिग्री और चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतर जिलों में रातें सर्द रहीं, जबकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। दिन का तापमान बढ़ा, फिर भी सामान्य से नीचे
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को औसत अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, लेकिन यह अब भी सामान्य से करीब 2.7 डिग्री नीचे बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान गुरुग्राम (केवीके) में 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार में अधिकतम तापमान 14.7 डिग्री और करनाल में 16.2 डिग्री सेल्सियस रहा।