हरियाणा में आगामी दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क (ड्राई) रहने की संभावना जताई गई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में 12 मार्च तक मौसम सामान्यतः खुश्क बना रहेगा। हालांकि इस दौरान एक पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। कृषि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 8 मार्च की रात से 11 मार्च के बीच हरियाणा के कई क्षेत्रों में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इस अवधि में आसमान में बीच-बीच में बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन किसी बड़े वर्षा तंत्र की संभावना फिलहाल नहीं जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों की आवाजाही के साथ-साथ हवाओं की दिशा में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी हरियाणा के शहरों में तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। प्रदेश में हिसार का तापमान सबसे अधिक 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चलेंगी हल्की ठंडी हवाएं पूर्वानुमान के मुताबिक, इन दिनों हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है, जिससे मौसम में हल्की ठंडक का अहसास बना रह सकता है। हालांकि दिन के तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम को देखकर करें कृषि गतिविधि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम के इस रुख का असर खेती-किसानी पर भी पड़ सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के बदलते रुख को ध्यान में रखते हुए अपनी कृषि गतिविधियों की योजना बनाएं। आंशिक बादलवाई कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ मदन खीचड़ ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से प्रदेश में हल्की बादलवाई और हवाओं में बदलाव की स्थिति बन सकती है, लेकिन फिलहाल मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखें और उसी के अनुसार कृषि कार्य करें।
हरियाणा में आज रात से छाएंगे बादल:पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव, 12 मार्च तक शुष्क रहेगा मौसम, हिसार सबसे गर्म
