फरीदाबाद जिले में सोमवार देर शाम एसजीएम नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित दशहरा मैदान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मैदान के ऊपर एक बड़ा ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। ड्रोन उड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर तत्काल ड्रोन का ट्रायल रुकवा दिया। पुलिस ने ड्रोन उड़ा रहे युवकों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। जानकारी के अनुसार, एक निजी कंपनी की ओर से ट्रायल के उद्देश्य से दशहरा मैदान में बड़े ड्रोन को उड़ाया जा रहा था। जैसे ही इसकी सूचना तीन नंबर पुलिस चौकी इंचार्ज और एसजीएम नगर थाना प्रभारी सुनील कुमार को मिली, वे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अनुमति नहीं होने पर ड्रोन उतरवाया पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही आसमान में उड़ रहे ड्रोन को नीचे उतरवाया और ड्रोन उड़ा रहे युवकों से अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे। एसजीएम नगर थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि जब मौके पर मौजूद लोगों से ड्रोन उड़ाने की अनुमति के बारे में पूछा गया, तो वे कोई स्पष्ट और सही जवाब नहीं दे सके। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने ड्रोन को तुरंत बंद कराकर पैक कराया और उसे थाने भिजवा दिया। बिना अनुमति उड़ाया जा रहा था प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्रोन उड़ाने वाले लोग एक निजी कंपनी से जुड़े हुए हैं, जिन्हें एनडीआरएफ की टीम द्वारा ड्रोन उड़ाने के लिए हायर किया गया था। यह गतिविधि केवल ट्रायल के तौर पर की जा रही थी, लेकिन इसके लिए किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या पुलिस अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति ड्रोन उड़ाना नियमों का उल्लंघन है और इससे सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। दस्तावेज दिखाने तक ड्रोन पर रोक फिलहाल पुलिस ने ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। संबंधित सभी लोगों को ड्रोन, उससे जुड़े उपकरण और जरूरी कागजात के साथ थाने में पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जब तक ड्रोन से संबंधित सभी दस्तावेज और अनुमति पत्र नही दिखाया जाता है, तब तक ड्रोन वापस नहीं किया जाएगा, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरीदाबाद दशहरा मैदान में बड़ा ड्रोन उड़ते देख मचा हड़कंप:पुलिस ने पहुंचकर रुकवाया ट्रायल, बिना अनुमति उड़ाया; कब्जे में लिया
